Antyodaya Mela Narnaul: 1 घंटे में मंजूर हुआ 1.50 लाख का लोन, 400 से अधिक परिवारों ने लिया योजनाओं का लाभ
Sapna Choudhary: सपना चौधरी विवाद में कूदे पति वीर साहू, खाप पंचायत में बोले- 'महम के चबूतरे से निजी खुंदक न निकालें'
Antyodaya Mela Narnaul: समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का प्रकाश पहुंचाने और गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के ध्येय के साथ रविवार को नारनौल के स्थानीय सभागार में ‘मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले’ का आयोजन किया गया। इस मेले में विभिन्न जनकल्याणकारी और स्वरोजगार योजनाओं के तहत 400 से अधिक नागरिकों ने अपना पंजीकरण करवाया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने मेले का शुभारंभ किया और स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद साधा।
कौशल और रुचि के अनुसार चुनें स्वरोजगार: विधायक
सभागार में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने कहा, “सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता उन परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है जो अब तक किन्हीं कारणों से पीछे छूट गए थे।”
विधायक ने लाभार्थियों से विशेष अपील की कि वे अपनी रुचि और कौशल के अनुरूप ही योजनाओं का चयन करें। जब व्यक्ति अपनी क्षमता के हिसाब से काम शुरू करता है, तो व्यवसाय में सफलता की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाती हैं और परिवार को स्थायी आर्थिक मजबूती मिलती है।
एक ही छत के नीचे पंजीकरण से लेकर आवेदन तक की सुविधा
सेवा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में पारदर्शी व्यवस्था देखने को मिली। सभागार परिसर के बाहर विशेष काउंटर स्थापित किए गए थे, जहां पहले पहुंचने वाले नागरिकों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया। इसके बाद सभागार के भीतर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने स्वरोजगार, ऋण और सब्सिडी योजनाओं की बारीकी से जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाई।
उल्लेखनीय है कि इस मेले के आयोजन से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा 3,000 से अधिक संभावित लाभार्थियों की प्री-काउंसलिंग भी की जा चुकी थी। इस मौके पर एडीसी तरुण कुमार पावरिया, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
महज एक घंटे में स्वीकृत हुआ 1.50 लाख का लोन, रविंद्र सिंह के चेहरे पर खिली मुस्कान
अंत्योदय मेले की प्रशासनिक दक्षता और त्वरित कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष उदाहरण नारनौल तहसील के गांव धरसू निवासी रविंद्र सिंह के मामले में देखने को मिला। रविंद्र सिंह के लिए यह मेला आत्मनिर्भरता का नया सूर्योदय लेकर आया।
रविवार को मेले में पहुंचे रविंद्र ने अपनी आजीविका शुरू करने के लिए अल्पसंख्यक योजना के तहत आवेदन जमा कराया। जिला प्रशासन और बैंक अधिकारियों के समन्वय से आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के महज एक ही घंटे के भीतर उनके नाम 1.50 लाख रुपये का स्वरोजगार लोन मंजूर कर दिया गया।
बिना किसी चक्कर काटे इतनी जल्दी ऋण स्वीकृत होने से गद्गद रविंद्र सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जिला प्रशासन का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मदद से वे अपना व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार के बेहतर भविष्य का सपना पूरा कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 27 जुलाई से मानसून पकड़ेगा रफ्तार, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
