Chippu Gang Yamunanagar: यमुनानगर में कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे कांट्रैक्ट किलर्स और भाड़े के गुंडों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मंगलवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में एडिशनल एसपी (ASP) आशीष चौधरी ने बताया कि सीआईए-2 की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर कैल गांव के नजदीक एक संदिग्ध कार घूम रही है, जिसमें कुछ हथियारबंद बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और कार को रुकवा लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए।
पिस्टल और कट्टे के साथ घूम रहे थे बदमाश, इकराम संभाल रहा था स्टीयरिंग
पुलिस ने जब कार की सघन तलाशी ली, तो आरोपी अनीश उर्फ पम्मा के पास से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, उसके दूसरे साथी नफीस उर्फ चीता की जेब से एक देसी कट्टा और कारतूस मिला। तीसरा आरोपी इकराम उर्फ गुल्लू उस वक्त कार चला रहा था। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ सदर जगाधरी थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
₹3 लाख में ‘टांग तोड़ने’ का ठेका, जयरामपुर में ढा चुके हैं कहर
एडिशनल एसपी आशीष चौधरी के मुताबिक, यह त्रिमूर्ति कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि इलाके के कुख्यात ‘चिप्पू गैंग’ और खदरी निवासी सचिन गैंग के बेहद करीबी शूटर हैं। यह गिरोह पैसों के लिए किसी पर भी हमला करने से नहीं हिचकिचाता। पूछताछ में सामने आया है कि ये बदमाश ₹2 लाख से ₹3 लाख तक की सुपारी लेकर किसी की भी टांगें तोड़ने और अधमरा करने का ठेका लेते थे। अभी कुछ दिन पहले ही इस गैंग के सरगना सचिन ने अपने साथी सौरभ के साथ मिलकर जयरामपुर के रहने वाले नितिन नाम के युवक पर बेरहमी से हमला कर उसकी टांगें तोड़ दी थीं।
रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस, अनीश 3 दिन के रिमांड पर
पकड़े गए अपराधियों का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अनीश उर्फ पम्मा पर पहले से ही अलग-अलग थानों में 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नफीस और इकराम पर भी 3-3 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीश को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। सीआईए प्रभारी का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस गैंग द्वारा ली गई अन्य सुपारियों और इनके मददगारों के नामों का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।

