CJP Government Meeting: दिल्ली में CJP और सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बनी रही असहमति
दिल्ली में CJP और सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता
CJP Government Meeting: दिल्ली में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक विठ्ठलभाई पटेल हाउस में आयोजित की गई, जिसमें सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह शामिल हुए। CJP की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास और युवा प्रतिनिधि आशुतोष रांका मौजूद रहे। बैठक के बाद दोनों पक्षों ने वार्ता को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर अंतिम फैसला नहीं हो सका। बैठक के बाद CJP प्रवक्ताओं ने कहा कि संगठन अपनी प्रमुख मांग से पीछे नहीं हटेगा। उनका कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर सरकार ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए शनिवार तक का समय मांगा है।
मुआवजा और केस वापस लेने के मुद्दे पर बनी सहमति
बैठक के बाद CJP की ओर से दावा किया गया कि सरकार ने कुछ प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। संगठन के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और मुआवजे से जुड़े मुद्दे पर सहमति बनी है। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच बातचीत का अगला दौर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीसरी आधिकारिक बैठक, पहले दो दौर नहीं निकले थे नतीजे
यह CJP और केंद्र सरकार के बीच तीसरी आधिकारिक बैठक थी। इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के सरकारी आवास पर दो दौर की बातचीत हुई थी, लेकिन उनमें कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था। इस बार बैठक के लिए पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में स्थान बदलकर विठ्ठलभाई पटेल हाउस कर दिया गया। CJP कोर कमेटी के सदस्य सुधीर सांगवान ने बताया कि बैठक स्थल में बदलाव सरकार की ओर से किया गया। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब की जगह दूसरे स्थान पर बैठक आयोजित करने का फैसला लिया। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब जंतर-मंतर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, आंदोलन जारी
बैठक से पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपनी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद 26 दिन से जारी भूख हड़ताल समाप्त कर दी थी। हालांकि, CJP ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर उसका प्रदर्शन जारी रहेगा। संगठन का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
ये हैं CJP की प्रमुख मांगें
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा CJP ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जवाबदेही तय करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने, कथित प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने तथा आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी और अन्य कानूनी कार्रवाई वापस लेने की मांग रखी है। संगठन का कहना है कि इन मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा, जबकि सरकार ने वार्ता के जरिए समाधान निकालने की बात दोहराई है।
