Panchkula Double Murder: हरियाणा के पंचकूला से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सेक्टर-19 में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने 20 साल के एक युवक संजीत की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी।
अभी पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि शनिवार सुबह तड़के करीब 4 बजे ठीक उसी जगह से संजीत के दोस्त अर्जुन का शव भी बरामद हो गया। एक ही जगह पर कुछ ही घंटों के भीतर दो लाशें मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
दिल दहला देने वाली बात यह है कि संजीत के घर में महज 6 दिन पहले ही किलकारी गूंजी थी। वह अभी कुछ दिन पहले ही एक बेटे का पिता बना था और परिवार में इस नई खुशी को लेकर सेक्टर-19 में नामकरण समारोह और पार्टी चल रही थी। पूरा परिवार जश्न में डूबा हुआ था, तभी संजीत किसी काम से पास के ही अभयपुर इलाके में गया। बताया जा रहा है कि वहां से लौटते वक्त कुछ हमलावरों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
कजिन को फोन पर कहा- ‘भाई! कुछ लड़के पीछे पड़े हैं’, ढूंढने निकले तो अंडरपास के पास लहूलुहान मिला संजीत
हमलावरों की नीयत भांपकर संजीत को खतरे का अहसास हो चुका था। उसने तुरंत अपने कजिन विपिन को फोन घुमाया और घबराती आवाज में कहा कि कुछ लड़के उसका पीछा कर रहे हैं। संजीत की बात सुनते ही विपिन के होश उड़ गए। उसने बिना वक्त गंवाए परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी और सब मिलकर संजीत को तलाशने के लिए सड़कों पर दौड़ पड़े।
काफी खोजबीन के बाद परिजन जब सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। संजीत वहां खून से लथपथ हालत में तड़प रहा था। घरवाले उसे आनन-फानन में सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद संजीत को मृत घोषित कर दिया।
अर्जुन की मौत ने उलझाई मर्डर मिस्ट्री, क्राइम ब्रांच और पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
इस सनसनीखेज वारदात की खबर मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी, सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती तफ्तीश में संजीत की हत्या के पीछे उसके दोस्त अर्जुन पर शक की सुई घूम रही थी, लेकिन सुबह उसी अंडरपास के पास अर्जुन का शव मिलने के बाद पूरी कहानी पलट गई है और मिस्ट्री बेहद उलझ गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है, लेकिन दोनों दोस्तों की मौत के बीच क्या कनेक्शन है, इसकी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए अंडरपास और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
यह भी पढ़ें– Haryana News: हरियाणा रोडवेज बस चोरी, चोर की एक गलती और पुलिस के हाथ लगी लाइव लोकेशन

