Karnal News: करनाल जिले में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में निगदू क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जनरल स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध पटाखों के गोदाम पर छापेमारी की। मौके से 48 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए गए, जिन्हें बिना किसी अनुमति के घनी आबादी वाले इलाके में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार राकेश कुमार उर्फ बंटी, निवासी निगदू को गिरफ्तार कर लिया है।
गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना, गोदाम से मिलीं 48 पेटियां
निगदू थाना के उप निरीक्षक पवन कुमार अपनी टीम के साथ 31 अक्टूबर की शाम इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि शिव जनरल स्टोर का मालिक राकेश कुमार अपनी दुकान के पीछे बने गोदाम में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किए हुए है और वहीं से उनकी आड़ में बिक्री कर रहा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। गोदाम की गहन तलाशी लेने पर वहां से ‘7-UP PANDYAN’S’ ब्रांड के स्काई शॉट की 32 पेटियां और ’60 SHOT POPEYE’ ब्रांड के स्काई शॉट पटाखों की 16 पेटियां बरामद हुईं। कुल 48 पेटियों में भरे पटाखों को पुलिस ने मौके पर ही सीज कर अपने कब्जे में ले लिया।
लाइसेंस और NOC नहीं दिखा सका आरोपी, विस्फोटक अधिनियम में मामला दर्ज
जब पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार से पटाखों के भंडारण, बिक्री, फायर ब्रिगेड की एनओसी (NOC) और सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी वैध कागजात दिखाने में पूरी तरह नाकाम रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 31 अक्टूबर को ही थाना निगदू में ‘विस्फोटक अधिनियम, 1884’ की धारा 9(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक की कड़ी चेतावनी, अभियान रहेगा जारी
करनाल के पुलिस अधीक्षक (SP) करन गोयल के दिशा-निर्देशों पर जिलेभर में अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर पटाखों का कारोबार करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नियमों के तहत ही कारोबार करें और किसी भी तरह की अवैध भंडारण की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।

