Sirohi road accident: राजस्थान के सिरोही जिले में नेशनल हाईवे-27 पर मंगलवार रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। आबूरोड थाना क्षेत्र के मावल कट के पास रात करीब 10:30 बजे गुजरात की ओर जा रहे एक ट्रक ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर आबूरोड पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों युवकों को एंबुलेंस की मदद से सरकारी उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
आबूरोड से पालनपुर जा रहा था ट्रक
थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि ट्रक आबूरोड से पालनपुर (गुजरात) की ओर जा रहा था। इसी दौरान मावल कट के पास ट्रक ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की जान चली गई। पुलिस ने ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान प्रकाश मीणा और शंकर मीणा के रूप में हुई है। दोनों माउंट आबू के देलवाड़ा गांव के रहने वाले थे और पड़ोसी थे। तीसरे युवक की पहचान दिनेश उर्फ विनय के रूप में हुई है। वह आबूरोड के चारनिया फली, सातपुर का निवासी था। तीनों दोस्त थे और मजदूरी करके अपना गुजारा करते थे। तीनों अविवाहित थे।
भाई को आधी रात मिली प्रकाश की मौत की सूचना
प्रकाश के भाई प्रवीण ने बताया कि प्रकाश बिना किसी को बताए घर से निकला था। रात करीब 12 बजे परिवार को सूचना मिली कि सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई है। परिवार के लिए यह खबर अचानक आई और घर में मातम छा गया।
प्रकाश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसके परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है।
वहीं, शंकर के परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं। उसकी मां का निधन हो चुका था, जबकि पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
तीसरे मृतक दिनेश उर्फ विनय के परिवार में मां और दो बहनें हैं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। उसके पिता का पहले ही निधन हो गया था।
तीनों युवकों की मौत से उनके परिवारों और गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
Click Here👉 जगमार्ग की राजस्थान की खबरें पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें


