Sonipat Crime: हरियाणा के सोनीपत जिले में गोहाना क्षेत्र के कथूरा गांव से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गांव स्थित देवी मंदिर में पिछले तीन सालों से रह रहे 25 वर्षीय पुजारी सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। (Gohana news) मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव में फैलाई गई चरित्र संबंधी अश्लील अफवाहों के आधार पर कुछ अज्ञात लोगों ने सचिन को घेर लिया और लात-घूंसों व अन्य हथियारों से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और गांव के सरपंच मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में पुजारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है।
कैथल का रहने वाला था 25 साल का सचिन, 7 साल से कर रहा था पूजा-पाठ
कैथल जिले के रोहेड़ा गांव निवासी अमन ने बरोदा थाना पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई सचिन (25) करीब 7 साल पहले अध्यात्म और पूजा-पाठ से जुड़ा था। पिछले लगभग 3 सालों से वह कथूरा गांव के ऐतिहासिक देवी मंदिर में बतौर पुजारी अपनी सेवाएं दे रहा था और वहीं मंदिर परिसर में ही निवास करता था।
अमन के मुताबिक, 8 अक्टूबर की सुबह उन्हें मंदिर से सूचना मिली कि सचिन के साथ गंभीर हादसा हो गया है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पड़ताल की, तो पता चला कि अश्लील हरकतों की निराधार अफवाहें फैलाकर गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने सचिन पर हमला बोला था। आरोप है कि आरोपियों ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
सरपंच लेकर पहुंचे अस्पताल, BNS की धाराओं में केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि सोनीपत कंट्रोल रूम को मंदिर परिसर में मारपीट होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बरोदा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। (Haryana crime news) इस दौरान गांव के सरपंच नवीन घायल अवस्था में सचिन को खानपुर-गोहाना स्थित सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र करने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया है। बरोदा थाना पुलिस ने मृतक के भाई अमन के बयान पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

