Sonipat Crime: सोनीपत में खौफनाक वारदात, 2 दिन से लापता टैक्सी चालक का बंद कार में मिला शव, हत्या की आशंका
सोनीपत में खौफनाक वारदात, 2 दिन से लापता टैक्सी चालक का बंद कार में मिला शव, हत्या की आशंका
Sonipat Crime: सोनीपत जिले में रोहट नहर के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक लावारिस बलेनो गाड़ी के भीतर से 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गोहाना के जौली गांव निवासी सोनू के रूप में हुई है, जो पेशेवर टैक्सी ड्राइवर था। दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता सोनू का शव जिस हालत में गाड़ी के अंदर मिला, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने साफ तौर पर किसी अनहोनी और साजिश के तहत हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है।
ससुराल से लौटते वक्त अचानक बंद हो गया था फोन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू 23 सितंबर की शाम अपनी बलेनो गाड़ी से नरेला (दिल्ली) के कुरैनी गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। वहां वह अपने साले की बीमार पत्नी का हालचाल जानने पहुंचा था।
अगले दिन यानी 24 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे सोनू की उसकी पत्नी पीनू से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि वह घर लौटने ही वाला है। लेकिन सुबह 11 बजे तक जब वह गांव नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, मगर उसका मोबाइल स्विच ऑफ आया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने नरेला थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
रास्ते में दिखी गाड़ी, बंद शीशों के पीछे बिछा था खौफनाक मंजर
शुक्रवार सुबह सोनू के परिजन और रिश्तेदार अपने स्तर पर उसकी तलाश में निकले हुए थे। इसी दौरान दिल्ली ड्यूटी पर जा रहे परिवार के एक दामाद धीरज की नजर रोहट नहर के किनारे खड़ी सोनू की बलेनो कार पर पड़ी।
कार के सभी शीशे कसकर बंद थे। सूचना मिलते ही परिजन और सोनीपत सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब गाड़ी का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सोनू का सिर कंडक्टर सीट और बाकी शरीर ड्राइवर सीट की तरफ अचेत अवस्था में पड़ा था।
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों का आरोप- ‘साजिश के तहत हुई हत्या’
मृतक के चाचा सुरेश और परिजनों का दावा है कि सोनू के सिर और कमर पर गंभीर चोट व घसीटे जाने के निशान हैं, साथ ही नाक से खून बह रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि सोनू ने बनियान उल्टी पहन रखी थी, जो उसकी सामान्य स्थिति को नहीं दर्शाती।
परिजनों का कहना है कि सोनू की किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। वर्ष 2011 में शादी के बंधन में बंधा सोनू अपने पीछे 10 और 12 साल के दो मासूम बच्चों व परिवार को छोड़ गया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए हैं। सोनीपत सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है।
पुलिस अब रोहट नहर मार्ग और आसपास के तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गाड़ी नहर तक कब और किन परिस्थितियों में पहुंची। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
यह भी पढ़ें– Suruchi Phogat Gold: एशियन रिकॉर्ड के साथ झज्जर की बेटी का कमाल! 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत ने जीता गोल्ड
