Yamunanagar Gas Pipeline Blast: हरियाणा के यमुनानगर शहर के चिट्टा मंदिर चौक पर गैस पाइपलाइन में आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का 42 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें धमाके के साथ आग का गुबार उठता दिखाई देता है। हादसे के वक्त घटनास्थल के आसपास 20 से ज्यादा लोग और कई वाहन मौजूद थे। आग की लपटें अचानक तेजी से फैलीं तो लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वीडियो में घटनास्थल के बिल्कुल नजदीक खड़े 7 से 8 लोग भी आग से बचने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं। आग की चपेट में आने से कुछ दुकानों के शीशे टूट गए। एक युवक दुकान के अंदर से भागकर बाहर निकलता दिखाई देता है। इसी दौरान पास में लॉन्ड्री और प्रेस का काम करने वाली 64 वर्षीय सुनीता देवी झुलस गईं। आग में उनके कपड़े भी जल गए। जमीन पर गिरने के बाद वह घिसटकर आग से दूर जाने की कोशिश करती दिखीं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुनीता का उपचार जारी है।
गैस की आपूर्ति बंद किए बिना काम करने का आरोप
महादेव कॉलोनी निवासी कंवलजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चिट्टा मंदिर चौक की तरफ सड़क पर उनके मकान के बाहर दो दुकानें हैं। इनमें एक दुकान में वह सिमर ब्यूटी पार्लर एंड बुटीक चलाती हैं। उनके साथ वाली दुकान में सुनीता देवी पत्नी राजकुमार प्रेस और इलेक्ट्रिक सामान का काम करती हैं। शिकायत के मुताबिक, इलाके में वरुण टेलीकॉम कंपनी की ओर से BPCL की PNG गैस पाइपलाइन बिछाने और नए कनेक्शन देने का काम किया जा रहा था। 21 अक्टूबर की शाम करीब 5:15 बजे कंवलजीत कौर की दुकान के बाहर सड़क की तरफ पाइपलाइन के पास गड्ढा खोदकर तीन-चार मजदूर काम कर रहे थे। आरोप है कि मौके पर कंपनी का कोई इंजीनियर या अधिकारी मौजूद नहीं था। आग बुझाने के उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी नहीं किए गए थे।
कंवलजीत कौर के अनुसार, काम के दौरान पाइपलाइन में गैस की आपूर्ति बंद नहीं की गई थी। इसी बीच गैस लीक हुई और उसमें आग लग गई। शिकायतकर्ता ने पाइपलाइन का काम कर रही कंपनी के मालिक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
कई लोग झुलसे, दुकानों और वाहनों को नुकसान
शिकायत में सुनीता देवी के अलावा रवि (18), अंकित (29), राकेश (45), अरमान (12), वंश (13) और अन्य लोगों के आग से झुलसने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, सुनीता को पहले इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। वहां से उन्हें आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया। शुरुआती जानकारी में चंडीगढ़ के GMCH सेक्टर-32 का जिक्र है, जबकि उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। आग से दोनों दुकानों में रखा सामान भी जल गया। कंवलजीत कौर के मुताबिक, उनके ब्यूटी पार्लर में रखी इन्वर्टर-बैटरी, तीन सिलाई मशीनें, दो मोबाइल फोन, कपड़े, पार्लर का सामान और नकदी आग की चपेट में आ गए। सुनीता की दुकान में रखा कपड़ा, एलसीडी, इलेक्ट्रिक सामान और नकदी भी जल गई। दुकानों के बाहर खड़ी एक साइकिल और एक्टिवा को भी नुकसान पहुंचा।
पाइपलाइन पर काम कर रहे सहारनपुर निवासी नीरज ने बताया कि वह अंकित और ललित कुमार के साथ मौके पर काम कर रहा था। उसके अनुसार, इसी दौरान गैस लीक हुई और पाइप फटने से आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बिजली विभाग को भी इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए सूचना दी थी।
कंपनी मालिक के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस कर रही जांच
शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने कंवलजीत कौर की शिकायत पर 22 अक्टूबर को मुकदमा नंबर 726 दर्ज किया। थाना प्रभारी मनोज के अनुसार, वरुण टेलीकॉम कंपनी के मालिक अंकित सिंघानिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a), 125(b) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कंपनी से नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। गैस पाइपलाइन में आग लगने के कारणों, काम के दौरान अपनाए गए सुरक्षा उपायों और हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि पाइपलाइन पर काम करते समय निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।
Read Also; जगमार्ग की यमुनानगर जिले की बाकी खबरों पर भी क नज़र डालें

