Yamunanagar missing child case: हरियाणा के यमुनानगर जिले के सढौरा इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। कालाआंब रोड के पास झुग्गी-झोपड़ी में अपनी मां के साथ सो रहा डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। रात के सन्नाटे में हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। लापता बच्चे की पहचान छोटू के रूप में हुई है, जो अपने चार बहनों का इकलौता भाई है। घटना को 24 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन पुलिस और परिजनों के हाथ अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है।
बच्चे के पिता परमाल सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और इन दिनों धान के सीजन में मजदूरी करने के लिए अपने परिवार के साथ सढौरा आए हुए हैं। उनका पूरा परिवार कालाआंब रोड के पास रह रहा है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ साल का छोटू अपनी मां के पास चैन से सो रहा था। रात के लगभग तीन बजे जब मां की अचानक आंख खुली, तो उसने देखा कि बच्चा बिस्तर से गायब है। यह देखते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई और उसकी चीख निकल पड़ी। परिजनों ने तुरंत आसपास के खेतों, रास्तों और झाड़ियों में बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोईता पता नहीं चला।
दो दिन पहले आए संदिग्ध व्यक्ति पर गहराया शक
इस सनसनीखेज मामले में एक नया और अहम पहलू भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं है। हालांकि, घटना से महज दो-तीन दिन पहले रात के वक्त एक अनजान व्यक्ति उनके पास आया था और काफी कड़े व धमकी भरे लहजे में बात कर रहा था। हालात बिगड़ते देख परिजनों ने अपने एक स्थानीय परिचित को मौके पर बुला लिया था। उस परिचित ने जब हस्तक्षेप किया, तो उसने उक्त संदिग्ध व्यक्ति को थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया था। वह शख्स भागकर पास के ही गन्ने के खेतों की तरफ चला गया था। अब बच्चे के इस तरह अचानक गायब होने के बाद परिवार को उसी व्यक्ति की किसी साजिश पर गहरा शक है।
पुलिस खंगाल रही हर संभावित एंगल
सढौरा थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को जैसे ही मासूम के लापता होने की सूचना मिली, तुरंत एक टीम मौके पर रवाना कर दी गई। बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि वह सोते वक्त बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी उसकी आंख लग गई और जब कुछ देर बाद नींद खुली तो बच्चा बिस्तर पर नहीं था। पुलिस इस मामले में अपहरण की आशंका को मुख्य आधार मानकर जांच कर रही है। आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गन्ने के खेतों तथा संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा है, लेकिन प्रशासन का दावा है कि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी देखें – अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर बड़ा संकट, कंडम हुआ GRP थाना भवन, रेलवे ने थमाया खाली करने का नोटिस

