Panipat Crime: खुद को गोरक्षक बताकर हाईवे पर कैंटर रुकवाया, चालक को पीटकर 49,500 रुपये लुटे
खुद को गोरक्षक बताकर हाईवे पर कैंटर रुकवाया, चालक को पीटकर 49,500 रुपये लुटे
Panipat Crime: हरियाणा के पानीपत में खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों के कारण धीमी पड़ती गाड़ियों की रफ्तार का फायदा अब अपराधी उठाने लगे हैं। असंध-पानीपत हाईवे पर मतलौडा और नारा गांव के बीच एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने खुद को गोरक्षक दल का सदस्य बताकर एक कैंटर चालक को निशाना बनाया। अपराधियों ने न केवल चालक की जमकर पिटाई की, बल्कि उसकी जेब से 49,500 रुपये की मेहनत की कमाई लूटकर फरार हो गए।
यूपी से फल खाली कर लौट रहे थे जींद के दो भाई
जींद जिले के गांव पाजू कलां निवासी मन्नू पेशे से चालक हैं और उन्होंने अपने भाई टिंकू के साथ मिलकर एक आयशर कैंटर खरीदा हुआ है। मन्नू ने मतलौडा थाना पुलिस को बताया कि वे 1 अगस्त की रात उत्तर प्रदेश के कांदला से केले की सप्लाई खाली कर अपने गांव लौट रहे थे।
कैंटर मन्नू चला रहा था, जबकि उसका छोटा भाई टिंकू केबिन के पीछे सो रहा था। रात करीब 10 बजे जब वे असंध-पानीपत हाईवे पर मतलौडा और नारा के बीच गौशाला के पास पहुंचे, तो एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने गाड़ी के साथ अपनी बाइक लगा ली।
गड्ढों के कारण धीमी थी चाल, रास्ता रोककर शीशा तोड़ा
बाइक सवार युवकों ने चिल्लाकर कहा कि वे गोरक्षक दल से हैं और चेकिंग के लिए गाड़ी रोकें। हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण गाड़ी की रफ्तार तो धीमी थी, लेकिन डर के मारे मन्नू ने गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ाना सही समझा। इससे बौखलाए बदमाशों ने नारा गांव में दादी सती मंदिर के पास बीच सड़क पर अपनी बाइक आड़ी खड़ी कर कैंटर का रास्ता रोक लिया। इसके बाद सड़क किनारे पड़े पत्थरों से हमला कर कैंटर का शीशा चकनाचूर कर दिया।
सड़क पर गिराकर की बर्बरता, जेब से साफ की नकदी
शीशा टूटने की आवाज से जागा छोटा भाई टिंकू बाहर आने लगा तो मन्नू ने उसे केबिन में ही रहने को कहा और खुद नीचे उतरा। गाड़ी के पीछे पहुंचते ही तीनों बदमाशों ने मन्नू पर हमला बोल दिया। दो बदमाशों ने मन्नू के हाथ-पैर दबोच लिए और तीसरे ने उसकी जेब में रखे 49,500 रुपये निकाल लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगे, हालांकि पीड़ितों ने भागते बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। घटना के तुरंत बाद डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पीड़ित का प्राथमिक उपचार और एमएलआर कटवाकर मतलौडा थाने में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस अब बाइक नंबर के जरिए लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें– Brij Bhushan Acquitted: महिला पहलवान शोषण मामला, दिल्ली कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को किया बरी
