Tricity Police Alert: 15 अगस्त से पहले ट्राइसिटी पुलिस अलर्ट, संयुक्त नाकेबंदी होगी तेज
15 अगस्त से पहले ट्राइसिटी पुलिस अलर्ट
Tricity Police Alert: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ट्राइसिटी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वीरवार को चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, सेक्टर-9 में ट्राइसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ के डीजीपी ने की, जिसमें चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, रोपड़ और सोलन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अंतरराज्यीय सीमाओं पर संयुक्त नाके स्थापित करने, होटलों, सराय और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच तथा किरायेदार और घरेलू सहायकों के सत्यापन अभियान को तेज करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, चोरी के वाहनों, उद्घोषित अपराधियों और अन्य आपराधिक तत्वों से जुड़ी सूचनाओं को रीयल-टाइम में साझा करने पर सहमति बनी। गैंगस्टरों और आतंकवादी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा समय-समय पर ऐसी समन्वय बैठकें आयोजित कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करने का भी फैसला लिया गया।
