Nilokheri News: नीलोखेड़ी में आजादी का जश्न, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने फहराया तिरंगा, 18 अधिकारी सम्मानित

नीलोखेड़ी में आजादी का जश्न, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने फहराया तिरंगा, 18 अधिकारी सम्मानित
Nilokheri News: नीलोखेड़ी उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थानीय अनाज मंडी परिसर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि ने विधिवत रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और इसके बाद भव्य परेड का निरीक्षण किया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सविता कबीरपंथी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सलामी मंच के सामने से गुजरते हुए हरियाणा पुलिस, एनसीसी बॉयज और गर्ल्स की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान की गूंज के बीच जैसे ही आसमान में तिरंगा लहराया, पूरा अनाज मंडी परिसर भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
“आजादी का पर्व केवल तारीख नहीं, करोड़ों भारतीयों की अस्मिता की भावना है”
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने उपमंडलवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आज़ादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं, वह हमें थाली में सजाकर नहीं मिली है, बल्कि इसके पीछे असंख्य वीरों का अनवरत संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान छुपा है।
कबीरपंथी ने जोर देकर कहा, “15 अगस्त का यह पावन अवसर महज कैलेंडर की कोई साधारण तारीख नहीं है। यह करोड़ों देशवासियों की आस्था, स्वाभिमान और देशभक्ति की अमिट भावना का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है। हमारी सरकार शहीदों के सपनों के भारत का निर्माण करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।”
इन 18 प्रतिभाओं को मिला प्रशंसा पत्र
उपमंडल स्तर पर उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाएं देने वाले 18 अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों को विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने मंच से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में डॉ. वंदना अग्रवाल, रजनी वर्मा, दिनेश कुमार, अरुण कुमार, रितु, दीपक कुमार, भ्रिम सिंह, जॉनी, संध्या, गुलजार सिंह, राजबीर सिंह, हरिकृष्ण, राम, विकास कुमार, निर्मल सिंह, अशोक कुमार, पंकज सिंगला और राजबीर सिंह शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने सभी को स्मृति चिह्न व प्रशंसा पत्र सौंपकर उनका हौसला बढ़ाया।
इस गरिमामयी अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी सोनू नरवाल, एचआईआरडी निदेशक वीरेंद्र चौहान, नायब तहसीलदार भारत भूषण, बीडीपीओ साहब सिंह, सीडीपीओ राजबाला मोर, मार्केट कमेटी चेयरमैन शिवनाथ कपूर, तरावड़ी मार्केट कमेटी चेयरमैन रणदीप चौधरी, नगरपालिका चेयरपर्सन सनमीत कौर आहूजा, नगरपालिका सचिव राहुल सैनी, भाजपा तरावड़ी मंडल अध्यक्ष रणजीत भारद्वाज, नीलोखेड़ी मंडल अध्यक्ष मुकेश भारती, सतनाम आहूजा, लवली कुकरेजा, ईश चोपड़ा, बलकार सैनी, राजबीर शर्मा और नरेंद्र शर्मा सहित इलाके के कई गणमान्य नागरिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
