August 17, 2026

Rohtak Car Fire: रोहतक में चलती किया सोनेट बनी आग का गोला, बाइक सवार ने बचाई परिवार के 5 लोगों की जान

0
Rohtak Car Fire: रोहतक में चलती किया सोनेट बनी आग का गोला, बाइक सवार ने बचाई परिवार के 5 लोगों की जान

रोहतक में चलती किया सोनेट बनी आग का गोला, बाइक सवार ने बचाई परिवार के 5 लोगों की जान

Rohtak Car Fire: रोहतक शहर के गोहाना रोड स्थित आउटर रिंग रोड पर देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती किया सोनेट (Kia Sonet) कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी जलकर राख का ढेर बन गई। गनीमत यह रही कि एक राहगीर बाइक सवार ने समय रहते कार से धुआं निकलता देख चालक को सतर्क कर दिया, जिससे गाड़ी में सवार एक ही परिवार के पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहतक की सनसिटी कॉलोनी के रहने वाले तेज सिंह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में एक सगाई समारोह में शामिल होने सिरसा गए थे। देर रात वह अपनी बहू, बेटे और दो मासूम पोतियों के साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गोहाना रोड पर आईबी स्कूल के पास ग्रीन रोड पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने कार के निचले हिस्से से धुआं उठता देखा।

धुआं देखते ही सड़क किनारे रोकी कार, सेकेंडों में फैली आग

बाइक सवार ने तुरंत तेज सिंह की गाड़ी के पास पहुंचकर हॉर्न बजाकर उन्हें धुआं निकलने की चेतावनी दी। तेज सिंह ने बिना कोई जोखिम उठाए गाड़ी को तुरंत सड़क किनारे खड़ा किया और बिना वक्त गंवाए अपने बेटे, बहू और दोनों पोतियों को बाहर निकाला।

परिवार के सदस्यों के कार से बाहर निकलते ही कुछ ही सेकेंडों के भीतर इंजन से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, पूरी किया सोनेट कार आग का गोला बन चुकी थी।

दमकल की गाड़ी ने पाया काबू, शार्ट सर्किट की आशंका

हादसे की तुरंत बाद स्थानीय लोगों और तेज सिंह ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

सदर थाने के जांच अधिकारी एएसआई संजीत कुमार ने बताया कि देर रात गाड़ी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम को मौके पर भेजा गया था। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है और परिवार के सभी पांचों सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, हालांकि शुरुआती जांच में इंजन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed