Narnaul: नागरिकों ने सरकारी योजनाओं के लिए किए आवेदन, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में उत्साह, अब आय का दायरा 1.80 लाख
Narnaul: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार से जिले में सेवा सेतू अभियान की शुरुआत हो गई। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने मौके पर पहुंचकर सभी कैंप का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा डीएमसी रणवीर सिंह ने नगर पालिका में लगाए गए कैंप का निरीक्षण किया।
पहले दिन खंड महेंद्रगढ़, खंड सतनाली तथा नगरपालिका महेंद्रगढ़ में कैंप लगाए गए। यहां बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ लेने के लिए मौके पर ही आवेदन किए।
खंड महेंद्रगढ़ में खंड कार्यालय में, खंड सतनाली में खंड कार्यालय सतनाली में तथा नगरपालिका क्षेत्र महेंद्रगढ़ में नपा कार्यालय में कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत भी नए पंजीकरण किए गए, ताकि जरूरतमंद पात्र महिलाओं को हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। अब इस योजना के तहत 1.80 लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवार भी जुड़ गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत भी आवेदन आए।
कैंपों में पहुंचे नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से अपनी समस्याओं का समाधान भी करवाया।
यह अभियान 14 अक्टूबर तक जिले के हर खंड और नगर निकाय में चलेगा, ताकि सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंच सकें।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, बीडीपीओ महेंद्रगढ़ मनोज कुमार तथा नगर पालिका के सचिव प्रशांत कुमार भी मौजूद थे।
इन स्थानों पर लगेंगे कैंप
खंड महेंद्रगढ़ के गांव पाली की प्रजापत धर्मशाला, खंड सतनाली के सामुदायिक केंद्र सतनाली में कैंप लगेगा जबकि नगरपालिका महेंद्रगढ़ के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसानी में कैंप लगेगा।
