Anil Vij Statement: अनिल विज का राहुल गांधी पर करारा हमला, बोले- ‘संस्कार भूल चुके हैं राहुल, नहीं जानते मां का स्थान’
अनिल विज का राहुल गांधी पर करारा हमला, बोले- 'संस्कार भूल चुके हैं राहुल, नहीं जानते मां का स्थान'
Anil Vij Statement: हरियाणा सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने और उनकी मां के संदर्भ में टिप्पणी करने पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। अंबाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से पूरी तरह कटे हुए हैं। उन्हें इस बात का भान ही नहीं है कि समाज में मां का स्थान कितना पवित्र होता है। वे युवाओं को बेहतर संस्कार देने के बजाय उनकी आदतें बिगाड़ रहे हैं, ताकि वे भी अपनी मां का अपमान करना सीखें।
DUSU और PU छात्र संघ चुनावों का दिया हवाला, बोले- ‘डूबते जहाज में कोई नहीं बैठना चाहता’
अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों देश भर में भाग-दौड़ कर अपना राजनीतिक कद बढ़ाने की कोशिश में लगे हैं, लेकिन लोकतंत्र में राजनीतिक कद का असली फैसला जनता के वोटों से होता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस युवा वर्ग को साधने की गलतफहमी पाले हुए हैं, उसी युवा शक्ति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी (DUSU) और पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के छात्र संघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को जीत दिलाकर कांग्रेस को करारा जवाब दे दिया है। आज का युवा बेहद समझदार है और वह कांग्रेस जैसी डूबती नैया पर कतई सवार नहीं होना चाहता।
‘हमारी दुनिया में तो सब सही हो रहा है’, वंदे मातरम विवाद और बीजेपी पर आरोपों को बताया बेबुनियाद
कर्नाटक के कांग्रेस विधायक डॉ. एचडी रंगनाथ द्वारा बीजेपी पर राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज और महात्मा गांधी का सम्मान न करने तथा वंदे मातरम पर विवाद खड़ा करने के आरोपों का जवाब देते हुए विज ने तीखा तंज कसा। विज ने कहा, “हमारी पार्टी हर मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराती है, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाती है। अब कांग्रेस नेताओं की दुनिया में क्या चल रहा है, यह तो वही जानें, लेकिन हमारी दुनिया में सब कुछ बिल्कुल सही चल रहा है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक किसी दबाव में आकर इस तरह की अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि बीजेपी ने कभी महात्मा गांधी के हत्यारे का समर्थन नहीं किया।
वोटर लिस्ट में SIR प्रक्रिया पर बोले विज: ‘फर्जी और घुसपैठियों को हटाना चुनाव आयोग का फर्ज’
कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग के ‘विशेष गहन संशोधन’ (SIR) अभियान को राजनीतिक से प्रेरित बताए जाने पर अनिल विज ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि SIR पूरी तरह से चुनाव आयोग का एक निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए यह आयोग का संवैधानिक कर्तव्य है कि केवल वास्तविक और वैध भारतीय नागरिक ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिन लोगों की नागरिकता संदिग्ध है या जिन्हें अवैध रूप से मतदाता सूची में जोड़ा गया है, उन्हें बाहर करना जरूरी है ताकि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
यह भी पढ़ें– 15 अक्टूबर से बदल जाएंगे पेट्रोल पंप के नियम, जानिए क्यों 2000 से ऊपर सिर्फ कैश लेंगे डीलर
