September 21, 2026

Narnaul: स्वास्थ्य मंत्री ने मोहनपुर व कोका गांवों में किया 90 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, दुर्घटना में घायल किसानों को सौंपे आर्थिक सहायता के चेक

0
Nnl 10

Narnaul: स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास तथा आमजन के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को कनीना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित खंड स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में गांव मोहनपुर सरपंच जीतराम यादव, कोका सरपंच मिथलेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत दुर्घटना में घायल हुए किसानों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। गांव पाथेड़ा निवासी नरेश पुत्र रामचंद्र, जो कृषि कार्य के दौरान बिजली का कटआउट निकालते समय करंट की चपेट में आ गए थे और जिनके दोनों हाथों की उंगलियों का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, को 75 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। इसी तरह गांव सिहोर निवासी विमलेश कुमार, जो खेत में कुआं खोदते समय मिट्टी धंसने की दुर्घटना में घायल हो गए थे और जिनका बायां हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, को 1 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मोहनपुर और कोका गांवों का दौरा कर लगभग 90 लाख रुपये लागत के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मोहनपुर गांव में उन्होंने नवनिर्मित खेल ग्राउंड, स्टेज तथा फिरनी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं तथा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं गांव कोका में उन्होंने फिरनी से बनवारी लाल के घर तक गली निर्माण, रास्ते से कैलाश चंद शर्मा के घर तक निर्माण कार्य, शमशान घाट की चारदीवारी एवं प्रांगण में टाइल कार्य, मेन फिरनी से पंचायती फार्म तक रास्ता निर्माण तथा एससी बस्ती से बाबा जवाहरदास जी मंदिर तक रास्ता निर्माण सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाए ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि खड़े पानी में ही डेंगू का मच्छर पनपता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज में 100 सीटें स्वीकृत हुई हैं और सरकार का प्रयास है कि इस संस्थान को एक बेहतर एवं सुदृढ़ शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाए, जिसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सरकार निरंतर काम कर रही है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम, ब्लॉक समिति चेयरमैन कनीना जयप्रकाश ककराला, मार्केट कमेटी चेयरमैन कनीना जयप्रकाश कोटिया, उपमंडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, एसएमओ डॉ. रेनू वर्मा, तहसीलदार पायल यादव, बीडीपीओ राजेश, प्राचार्य सुनील खुडानिया, दीपचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed