September 21, 2026

Narnaul: सीजेएम ने दृष्टिहीन कन्या विद्यालय की छात्राओं को पोक्सो एक्ट और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

0
Nnl 9

Narnaul: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने सोमवार को नारनौल के मोहल्ला खड़कड़ी स्थित दृष्टिहीन कन्या विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।
दौरे के दौरान सीजेएम नीलम कुमारी ने छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में सरल और सुगम भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार बच्चे किसी भी असुरक्षित स्थिति को पहचान सकते हैं और बिना डरे सहायता मांग सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) के मुख्य प्रावधानों तथा बच्चों व दिव्यांगों के लिए उपलब्ध मौलिक व कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
सीजेएम ने बताया कि यदि कोई बच्चा संकट में हो, बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण या हिंसा का शिकार हो रहा हो, तो तुरंत टोल-फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस मौके पर उन्होंने छात्राओं को खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर बच्चों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें सुलभ न्याय प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों की देखभाल व सुरक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed