Rewari : कसौला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार रखने व सप्लाई करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
प्रतीकात्मक फोटो
Rewari : रेवाड़ी जिले की थाना कसौला पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल 2 अवैध देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी तक पहुंचने के बाद उसके कथित हथियार सप्लायरों का भी पर्दाफाश किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को कसौला थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव जलियावास निवासी रमन उर्फ बोगा असाई फ्लाईओवर के नीचे अवैध हथियार के साथ किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और रमन को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रमन ने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार डयोढई गांव निवासी शेखर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेखर को भी धर दबोचा।
आगे की जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हथियार के मुख्य सप्लायर आशीफ (निवासी झिंझर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल किराएदार बावल) को भी गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में कट्टा और 10 जिंदा रौंद बरामद
एक अन्य मामले में भी पुलिस को इसी दिन अहम सूचना मिली थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव आसलवास निवासी अमित कुमार अवैध हथियार के साथ असाई पुल के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अमित को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और 10 जिंदा रौंद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में शस्त्र अधिनियम (Arms Act) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियारों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी देखें – नारनौल के मुकंदपुरा से लापता हुए दो चचेरे भाई दिल्ली में सकुशल बरामद, परिजनों ने ली राहत की सांस
