Narnaul: शिकायतों के निपटारे में न हो देरी, डीसी अनुपमा अंजली ने दिए सख्त निर्देश
Narnaul:
सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान नागरिकों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार तथा जिला प्रशासन का यह लक्ष्य है कि कोई भी शिकायत लंबे समय तक लंबित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का तुरंत निपटारा सुनिश्चित किया जाए। चाहे शिकायत सीएम विंडो पर आई हो, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त हुई हो या फिर व्यक्तिगत रूप से समाधान शिविर में दर्ज करवाई गई हो, हर शिकायत पर पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुके हैं, जहां लोगों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान मिलता है।
उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक उपमंडल में सोमवार तथा वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जाते हैं। नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं।
