Ambala ACB arrest: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने अंबाला स्थित एनसीसी (NCC) ऑफिस में बड़ी कार्रवाई की है। सेकेंड हरियाणा बटालियन एनसीसी में अनुबंध के आधार पर तैनात क्लर्क ऋचा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी क्लर्क ने विभाग के ही एक कर्मचारी की नौकरी पक्की करने से जुड़े सरकारी पत्र को विभागाध्यक्ष (HOD) से मंजूर कराने के नाम पर कुल 20 हजार रुपये की घूस मांगी थी।
20 हजार की कुल मांग, चार किस्तों में तय हुआ था सौदा
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह भी इसी विभाग में कार्यरत है और अपनी सेवा पक्की कराने से संबंधित फाइल आगे बढ़वाने के लिए क्लर्क से संपर्क में था। आरोप है कि क्लर्क ऋचा ने काम कराने के बदले 20 हजार रुपये की मांग रखी और यह रकम चार किस्तों में देने को कहा। शिकायत मिलने पर एसीबी की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद ट्रैप बिछाया। जैसे ही मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त देने ऑफिस पहुंचा, क्लर्क ऑफिस से बाहर निकलकर पैसे लेने आई।
मोबाइल कवर में छिपाई रकम, ACB की टीम ने दबोचा
पैसे हाथ में आते ही पूर्व से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने ऋचा को दबोच लिया। जब टीम ने तलाशी शुरू की तो आरोपी काफी देर तक अपना मोबाइल फोन छिपाने का प्रयास करती रही। गहनता से जांच करने पर रिश्वत के 5 हजार रुपये मोबाइल कवर के पीछे से बरामद हुए। इस पूरी कार्रवाई से एनसीसी दफ्तर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
8 साल से तैनात थी क्लर्क, अन्य कर्मियों पर भी जांच की गाज
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, क्लर्क ऋचा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत अंबाला एसीबी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला क्लर्क बीते करीब 8 सालों से इस पद पर तैनात थी। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी के खेल में विभाग के कुछ अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन

