UP STF arrest Ambala: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हरियाणा के अंबाला से 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश राहुल वैद को दबोच लिया है। मेरठ में सर्राफा व्यापारी के साथ हुई सनसनीखेज लूट के मामले में यह आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए ले जा रही थी, तब आरोपी ने भागने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे दबोचकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसटीएफ की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 12 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे अंबाला कैंट थाना क्षेत्र से राहुल वैद को धर दबोचा था। इसके बाद उसे मेरठ के भावनपुर थाने को सुपुर्द किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राहुल इसी साल 21 अप्रैल 2026 को मेरठ के गढ़ रोड स्थित अंकुर गार्डन रिजॉर्ट के पास एक सर्राफा व्यापारी से आभूषणों से भरा बैग लूटने की वारदात में मुख्य वांछित था, जिस संबंध में भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अंबाला में बेच दिए थे लूटे गए आभूषण
मेरठ पुलिस की पूछताछ में राहुल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने कुबूला कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर सर्राफा व्यापारी को लूटा था। इस वारदात में उसके हिस्से में जो सोने-चांदी के जेवरात आए थे, उन्हें उसने अंबाला में एक राहगीर को बेच दिया था। इन आभूषणों के बदले उसे करीब 45 हजार रुपये मिले थे, जिन्हें उसने अपने खान-पान और अन्य मुकदमों की पैरवी में खर्च कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान ही राहुल ने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और कारतूस जिठौली में निर्माणाधीन पुल के पास सीमेंट के पिलर नंबर-24 के नजदीक छिपाकर रखे हैं। बीते 12 अक्टूबर को जब पुलिस टीम उसे हथियारों की बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुँची, तो शातिर राहुल ने छिपाकर रखा तमंचा निकालकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी आत्मरक्षक फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही धरा गया।
नासिक और हरियाणा में भी दर्ज हैं कई गंभीर मामले
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है। घायल अवस्था में उसे पुलिस हिरासत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इस मामले में दर्ज मुकदमे में लूट से जुड़ी सख्त धाराएं बढ़ाते हुए इसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) और 61(2) में परिवर्तित कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल केवल मेरठ तक सीमित नहीं था, बल्कि फरारी के दौरान उसने अन्य राज्यों में भी वारदातों को अंजाम दिया है। एसटीएफ के मुताबिक, मई 2026 में महाराष्ट्र के नासिक जिले के पंचवटी थाना क्षेत्र में हुई एक ज्वेलरी शॉप लूट की बड़ी वारदात में भी वह वांछित चल रहा था। इसके अलावा उसके खिलाफ हरियाणा में भी करीब 9 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदला मौसम का मिजाज, कुरुक्षेत्र और कैथल में तेज हवाओं का अलर्ट

