September 30, 2026

Ambala Cyber Crime: अंबाला में पति-पत्नी का विवाद बना ‘डिजिटल वॉर’, सिम बंद करवाकर पति ने हैक किए पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट्स

0
Ambala Cyber Crime: अंबाला में पति-पत्नी का विवाद बना 'डिजिटल वॉर', सिम बंद करवाकर पति ने हैक किए पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट्स

अंबाला में पति-पत्नी का विवाद बना 'डिजिटल वॉर', सिम बंद करवाकर पति ने हैक किए पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट्स

Ambala Cyber Crime: अंबाला में पति-पत्नी के बीच जारी मनमुटाव अब घर की चारदीवारी से निकलकर सोशल मीडिया के ‘डिजिटल वॉर’ में बदल गया है। जंडली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर रंजिश के चलते उसका मोबाइल नंबर बंद कराने और ईमेल, फेसबुक व इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस हाई-टेक विवाद में साइबर क्राइम पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद थाना सेक्टर-9 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला का अपने पति शिवम के साथ पिछले कुछ समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है, जिसकी शिकायत पहले से ही सेक्टर-9 थाने में लंबित है। महिला शादी के बाद से जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रही थी, वह उसके पति के नाम पर रजिस्टर्ड था। इसी नंबर के जरिए महिला के तमाम प्रमुख सोशल मीडिया और डिजिटल अकाउंट्स संचालित हो रहे थे।

3 महीने से डिजिटल पहचान से बेदखल है महिला

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जून को उसके पति ने साजिश के तहत वह सिम कार्ड बंद करवा दिया। सिम बंद होते ही आरोपी ने ओटीपी और रिकवरी कोड के जरिए महिला की ईमेल आईडी, फेसबुक और इंस्टाग्राम के पासवर्ड बदल डाले। नतीजा यह हुआ कि पिछले तीन महीनों से महिला अपनी ही डिजिटल पहचान से पूरी तरह बेदखल है और अपने अकाउंट्स का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है।

पीड़िता का आरोप है कि पति ने रंजिश निकालने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया है। अकाउंट्स का कंट्रोल अपने हाथ में लेने के बाद से महिला को अपने निजी डाटा और तस्वीरों के गलत इस्तेमाल का भी डर सता रहा है।

साइबर सेल की जांच में हुई पुष्टि, पति पर आईटी एक्ट के तहत एफआईआर

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसे तकनीकी जांच के लिए साइबर क्राइम सेल को सौंपा था। साइबर सेल ने गहराई से पड़ताल की, तो पाया कि महिला के अकाउंट्स के पासवर्ड बदलकर उनका एक्सेस जानबूझकर छीना गया है।

साइबर सेल की पुष्टि के बाद थाना सेक्टर-9 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या यह हैकिंग पति ने खुद अंजाम दी है या फिर इसके लिए किसी पेशेवर हैकर या तीसरे व्यक्ति की मदद ली गई है।

यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed