Amritsar Encounter Shooter Killed : पंजाब के अमृतसर में पुलिसर्मी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए मुख्य शूटर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पिछले दिनों एएसआई हरजीत सिंह की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस को यह बड़ी कामयाबी शनिवार देर रात हाथ लगी।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की थी, जिसके बाद हुई क्रास फायरिंग में एक शूटर मारा गया।
नाके पर पुलिस को देखते ही शुरू कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस हत्या में इस्तेमाल की गई स्कूटी और आरोपियों तक पहुंच चुकी थी। शनिवार दोपहर से ही इलाके में नाकाबंदी की गई थी। रात करीब दस बजे थांदे रोड के पास जब पुलिस ने एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली सीआईए स्टाफ के जवान की छाती पर लगी, लेकिन गनीमत यह रही कि उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी जिससे उसकी जान बच गई।
जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ शूटर दीपक
अपनी जान बचाने और कानून का राज कायम रखने के लिए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ कुल 6 फायर किए। पुलिस की गोली लगने से एक शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मारे गए शूटर की पहचान मूलेचक्क निवासी दीपक सिंह पुत्र बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, उसका दूसरा साथी रात के अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
पाकिस्तान से जुड़े हैं हत्या के तार, नशे ने बर्बाद की जिंदगी
पुलिस जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शूटर्स ने किसी खास शख्स की रेकी नहीं की थी, बल्कि उन्हें सीमा पार बैठे हैंडलरों द्वारा पंजाब में किसी भी पुलिसकर्मी को चुनकर मारने का टास्क दिया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद इन बदमाशों ने उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान बैठे अपने आकाओं को भी भेजी थी।
इस बीच, मारे गए शूटर दीपक के पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा नशे की लत में पड़कर बुरी संगत का शिकार हो गया था, जिसके चलते उन्होंने अपना घर तक गिरवी रख दिया था। परिवार को इस बात की कोई भनक नहीं थी कि बेटा सीमा पार के तत्वों के संपर्क में आ चुका है।
Gurdaspur Dera Baba Nanak Murder : गुरदासपुर में कांग्रेसी सरपंच के भाई की गोलियों से भूनकर हत्या


