Bhiwani News: भिवानी जिले के गांव गोकलपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगई और हिंसा का एक खौफनाक मामला सामने आया है। गांव के खेल मैदान में मौजूद 12वीं कक्षा के एक छात्र को पांच युवकों ने जबरन गाड़ी में डालकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए और लोहे की रॉड व डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
खेल मैदान से किया अगवा, बहल-ढाणी रोड के पास ले जाकर पीटा
पुलिस को दिए बयानों में गोकलपुरा निवासी पीड़ित छात्र रितेश ने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे वह गांव के ही खेल मैदान में टहल रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से पांच युवक बाहर निकले। रितेश के अनुसार, वह इनमें से तीन युवकों को अच्छी तरह पहचानता है, जो खुद भी 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं और उनसे पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
आरोपियों ने मैदान में पहुंचते ही रितेश को घेर लिया और विरोध करने के बावजूद उसे जबरन खींचकर गाड़ी में डाल दिया। इसके बाद आरोपी उसे बहल-ढाणी के रास्ते एक सुनसान स्थान पर ले गए।
गला दबाकर जान से मारने की कोशिश, दी गोली मारने की धमकी
सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपियों ने रितेश पर लोहे की रॉड और भारी डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बरता में छात्र को शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि पिटाई के दौरान आरोपियों ने उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।
इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसे किसी से शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी और बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती पीड़ित, पुलिस ने दर्ज किया मामला
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित छात्र के बयान कलमबंद किए।
“पीड़ित छात्र के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों सहित अन्य की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— पुलिस जांच अधिकारी, भिवानी
यह भी पढ़ें– Narnaul News: नारनौल बाबा रामेश्वरदास मंदिर से प्राचीन आदमकद प्रतिमा गायब, श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर बंद किए गेट

