Charanjit Singh Channi : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए चन्नी ने रूपनगर जिले में चल रहे अवैध खनन के खेल का पर्दाफाश करने का दावा किया। उन्होंने सीधे तौर पर सरकार के मुखिया से लेकर स्थानीय विधायकों और मंत्रियों पर खड्डों को लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। चन्नी के इन बयानों के बाद राज्य का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है।
रात दस बजे के बाद खड्डों में उतरती हैं सौ से ज्यादा मशीनें : Charanjit Singh Channi
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने रूपनगर की कई खड्डों के नाम सार्वजनिक किए। उन्होंने संगतपुर, एलगरां, बाईहारा, हरसा बेला, सवाड़ा और सैन्सोवाल जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
उनके मुताबिक, रात के दस बजते ही इन इलाकों में भारी मशीनें उतर जाती हैं और सौ फीट से भी ज्यादा गहरी खुदाई कर नदियों का सीना छलनी किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि कागजों में भले ही ये खड्डें बंद हों, लेकिन धरातल पर अवैध रूप से रोजाना हजारों टिप्पर रेता-बजरी लेकर निकल रहे हैं।
हिमाचल के नाम पर फर्जी पर्चियों का जाल और करोड़ों की वसूली
अवैध खनन को वैध दिखाने के नए पैंतरों का जिक्र करते हुए चन्नी ने एक बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रकों चालकों को हिमाचल प्रदेश से खनन सामग्री लाने का झांसा देकर टोल प्लाजा के पास तीन-तीन हजार रुपये की फर्जी पर्चियां काटी जा रही हैं। इसी तंत्र के सहारे अवैध सामग्री को बाजार में खपाया जा रहा है। पूर्व सीएम का दावा है कि इस पूरे सिंडिकेट के जरिए रोजाना भारी मात्रा में रकम वसूली जा रही है और कुल कारोबार करीब 250 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है।
खनन मंत्री के परिवार और आप नेताओं पर सीधे आरोप
इस पूरे प्रकरण में प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चन्नी ने मंत्री और विधायकों के करीबियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस अवैध वसूली के खेल में खनन मंत्री बरिंदर गोयल के बेटे गौरव गोयल, उनके भाई और रिश्तेदार विकास सिंगला की सीधी संलिप्तता है। इसके अलावा संबंधित हलकों के विधायकों के भी इसमें हिस्सेदार होने की बात कही गई है।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनता को मिलने वाली रेता और बजरी बेहद सस्ती थी, जबकि आज कीमतें आसमान छू रही हैं और सरकारी खजाने को चूना लगाकर पार्टी फंड भरा जा रहा है।
सीबीआई जांच की मांग और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
चन्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे घोटाले की निष्पक्षता केवल केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच से ही सामने आ सकती है। उन्होंने मांग की कि इस अवैध साम्राज्य की परतें उधेड़ने के लिए जांच एजेंसियों को दायरा बढ़ाना चाहिए।
इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता व विधायक त्रिप्त राजिंदर सिंह बाजवा और रूपनगर हलके के इंचार्ज बरिंदर सिंह ढिल्लों सहित कई अन्य प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहे।

