Faridkot animal fair 2026 : फरीदकोट में तीन दिवसीय पशु और किसान मेले का शानदार आगाज
फरीदकोट में तीन दिवसीय पशु और किसान मेले का शानदार आगाज
Faridkot animal fair 2026 : ऐतिहासिक नगरी फरीदकोट में इन दिनों बाबा शेख फरीद आगमन पूरब 2026 की रौनक अपने चरम पर है। इसी कड़ी में सादिक रोड स्थित दाना मंडी में तीन दिवसीय भव्य पशु और किसान मेले का आधिकारिक आगाज सोमवार को हो गया । इस प्रतिष्ठित मेले का उद्घाटन करने के लिए हलका विधायक गुरदित सिंह सेखों और जैतो के विधायक अमोलक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मेले के पहले दिन ही जिस तरह से पशुपालकों और आम लोगों की भीड़ उमड़ी, उससे साफ जाहिर है कि कृषि और पशुपालन से जुड़े लोग इस आयोजन को लेकर कितने उत्साहित हैं।
पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने का आह्वान
मेले के उद्घाटन अवसर पर अपने विचार रखते हुए विधायक गुरदित सिंह सेखों ने कहा कि पशुपालन आज के समय में एक बेहद फायदेमंद बिजनेस बन चुका है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन को भी बड़े पैमाने पर अपनाएं ताकि आय के साधन मजबूत हो सकें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार पशु मेलों और मुकाबलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पहले दिन की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जिसमें कुत्तों की विभिन्न नस्लों और श्रेणियों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और शानदार प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मंच पर सम्मानित किया गया।
वैज्ञानिक और तकनीकी जानकारी पर जोर
जैतो के विधायक अमोलक सिंह ने मेले की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पशुपालकों के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि इन मुकाबलों के जरिए किसानों को अपने पशुओं की देखभाल, खान-पान और उनके रखरखाव के लिए आधुनिक वैज्ञानिक और तकनीकी जानकारी मिलती है।
इस तरह की ट्रेनिंग से न केवल पशुओं की नस्लों में सुधार होता है, बल्कि दूध के उत्पादन को भी आसानी से बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने इसे किसानों और पशुपालकों के लिए एक सुनहरा अवसर करार देते हुए पंजाब भर के लोगों से फरीदकोट पहुंचकर इस ऐतिहासिक मेले का हिस्सा बनने का खुला निमंत्रण दिया।
मेले में आगंतुकों के लिए खास इंतजाम
आयोजकों के मुताबिक, इस तीन दिवसीय मेले में आने वाले दिनों में घोड़ों और उन्नत नस्ल की भैंसों के मुकाबले भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बाहर से आने वाले पशुपालकों और उनके जानवरों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है। पशुओं के लिए चारे और उनकी देखभाल के साथ-साथ पशुपालकों के ठहरने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर किसानों को डेयरी विकास, पशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
इस मौके पर एसडीएम कोटकपूरा राजिंदर सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन अमनदीप बाबा, संयुक्त निदेशक एनिमल हसबेंडरी डॉ. हरवीन कौर धालीवाल, उप निदेशक डॉ. जसविंदर सिंह, डॉ. सुरजीत सिंह मल्ल, डॉ. जसविंदर गर्ग, डॉ. हिमांशु सियाल, डॉ. गुरदित सिंह, डॉ. केवल अरोड़ा, तहसीलदार परमिंदर सिंह सहित कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में ग्रामीण व शहरी नागरिक मौजूद रहे।
