Momos Red Chutney Health Risk : स्ट्रीट फूड के शौकीनों के बीच मोमोज और उसके साथ मिलने वाली तीखी लाल चटनी बेहद लोकप्रिय है। लेकिन हाल ही में उत्तर प्रदेश के कानपुर में फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब 115 किलो मोमो की लाल चटनी को नष्ट किया गया, क्योंकि जांच में वह खाने योग्य नहीं पाई गई. इस घटना के बाद यह सवाल उठने लगा है कि जिस चटनी को लोग बड़े चाव से खाते हैं, वह सेहत के लिए कितनी सुरक्षित है।
क्यों खतरनाक साबित होती है मोमोज की लाल चटनी?
आर्टिफिशियल कलर: चटनी को चमकदार लाल दिखाने के लिए कई जगहों पर सिंथेटिक फूड कलर्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बच्चों में हेल्थ समस्याएं और लोगों में एलर्जी या स्किन रिएक्शन हो सकते हैं।
स्वाद बढ़ाने वाला MSG: कमर्शियल चटनियों में मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) मिलाया जाता है, जिसके अधिक सेवन से सिरदर्द, बेचैनी, मतली या धड़कन तेज होने जैसी शिकायतें हो सकती हैं।
हानिकारक प्रिजर्वेटिव्स: चटनी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सोडियम बेंजोएट और पोटैशियम सोर्बेट जैसे प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं, जो ज्यादा सेवन करने पर पाचन संबंधी दिक्कतें पैदा करते हैं।
बासी सामग्री और खराब हाइजीन: स्टॉल पर घंटों खुली रखी जाने वाली चटनी में मक्खियां, धूल और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी और पेट के गंभीर इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
किन लोगों को रहना चाहिए सबसे ज्यादा सावधान?
अत्यधिक तीखी और केमिकल युक्त चटनी का सेवन एसिडिटी, गैस, पेट का अल्सर, बवासीर, IBS (इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम) से पीड़ित लोगों के साथ-साथ छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वालों के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकता है।

