Karnal Accident: दशहरे का दिन जहां लोगों के लिए उत्सव और मेल-मुलाकातों का पर्व होता है, वहीं करनाल जिले में एक परिवार के लिए यह दिन जिंदगी का सबसे काला साया बनकर आया। रंबा गांव के नजदीक रोडवेज बस के चालक की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। पर्व की खुशियों के बीच बाजार से खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवार दंपती और उनकी दो छोटी बच्चियों को एक तेज रफ्तार बस ने अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयानक था कि बाइक पर पीछे बैठी महिला की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं, जबकि उसके पति और दूधमुंही बच्चियों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। त्योहार के दिन हुई इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
त्योहार पर भाइयों के घर जा रहा था परिवार, रास्ते में काल बनकर आई बस
गांव कालरम के रहने वाले प्रमोद अपनी पत्नी कविता और दो छोटी बच्चियों के साथ बाइक पर सवार होकर कुराली गांव की तरफ जा रहे थे। परिवार दशहरे के मौके पर कविता के भाइयों को तिलक लगाने की परंपरा निभाने निकला था। कुराली जाने से पहले दंपती ने करनाल के बाजार से कुछ जरूरी खरीदारी भी की थी।
प्रमोद बाइक चला रहे थे और कविता ने अपनी दोनों बेटियों को गोद में थामा हुआ था। इनमें से एक बच्ची की उम्र महज आठ महीने है, जबकि दूसरी बच्ची डेढ़ साल की है। परिवार अभी रंबा गांव के पास ही पहुंचा था कि पीछे से आ रही यमुनानगर डिपो की एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे।
यात्रियों ने भी माना, तेज गति में थी बस
हादसे की सूचना मिलने के बाद जब मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घायल प्रमोद के जीजा ने बताया कि 20 अक्तूबर की दोपहर उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था, जिससे उन्हें इस बड़ी दुर्घटना की जानकारी मिली। वे फौरन मौके पर पहुंचे जहां पता चला कि कविता इस दुनिया में नहीं रही हैं और प्रमोद तथा दोनों बच्चियों को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यमुनानगर डिपो की इस बस का चालक शुरुआत से ही बहुत तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बस में बैठे अन्य यात्रियों ने भी बाद में यह बात साझा की कि चालक की बेलगाम रफ्तार के कारण यात्री पहले से ही डरे हुए थे। टक्कर के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी बस को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर रंबा चौकी में खड़ा करवा दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।

