Karnal Car Accident: हरियाणा में नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को करनाल के नीलोखेड़ी के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क पर पलट गई। गनीमत यह रही कि इस भीषण दुर्घटना के बावजूद कार सवार दो कॉलेज छात्रों की जान बच गई और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर के बीचों-बीच लगा स्ट्रीट लाइट का भारी-भरकम पोल टूटकर नीचे गिर गया, जिससे जीटी रोड पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई कार से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
अचानक ब्रेक और हैंडब्रेक के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की ग्रैंड आई-10 कार करनाल से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रही थी। कार को कुरुक्षेत्र पॉलिटेक्निक का छात्र अतुल (21) चला रहा था और उसका एक दोस्त भी साथ में बैठा हुआ था। अतुल ने बताया कि जब वे नीलोखेड़ी के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक गाड़ी की रफ्तार धीमी कर दी। इसी बीच एक अन्य तेज रफ्तार वाहन साइड से ओवरटेक करने लगा। ट्रक से सीधी भिड़ंत और दूसरी गाड़ी को बचाने की हड़बड़ाहट में अतुल ने कार को साइड में काटा।
प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीर प्रतीक के अनुसार, घबराहट में चालक ने पैरों वाले सामान्य ब्रेक दबाने के बजाय तेजी से हैंडब्रेक खींच दिया। तेज रफ्तार कार में अचानक हैंडब्रेक लगते ही गाड़ी बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई और लोहे के पोल को तोड़ते हुए सड़क पर पलट गई।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
कार चला रहे छात्र अतुल ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि भगवान का शुक्र है कि दोनों को खरोंच तक नहीं आई और कार के एयरबैग व सीटबेल्ट की वजह से बड़ा हादसा टल गया। वहीं, मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था। दुर्घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल वाहनों को साइड कराकर रास्ता साफ करा दिया गया है और परिजनों या पीड़ित छात्रों की ओर से शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– Gurugram Accident: गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बालाजी से लौट रहे परिवार की कार बस से टकराई, 3 की मौत

