Gurugram Accident: गुरुग्राम में दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जहां सोहना इलाके के लोहटकी गांव के पास एक स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी एक छोटी बच्ची शामिल हैं। वहीं कार में सवार दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बूम प्रसाद अपने परिवार के साथ राजस्थान स्थित मेहंदीपुर बालाजी धाम के दर्शन कर वापस दिल्ली लौट रहे थे। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे जैसे ही उनकी कार लोहटकी गांव के पास पहुंची, वहां पहले से सड़क किनारे खड़ी एक टूरिस्ट बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और आगे बैठे लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू, बोनट काटकर निकाले गए घायल
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना के सामने आए वीडियो में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त दिखाई दे रहा है और चालक स्टीयरिंग से चिपका हुआ था। फ्रंट सीट पर बैठा एक बच्चा तड़प रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार का बोनट और लोहे की चादर काटकर बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर का प्रभाव इतना खतरनाक था कि बूम प्रसाद और उनकी पत्नी की मौके पर ही सांसें थम गईं। हादसे में बूम प्रसाद को सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी
सोहना थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मॉर्च्यूरी में भिजवा दिया है। दुर्घटना की सूचना दिल्ली में रह रहे परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस के चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि बस वहां बिना इंडिकेटर या पार्किंग लाइट के खड़ी थी या नहीं। मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

