Kurukshetra Shahabad accident: जीटी रोड पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति और पांच साल के मासूम बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब पीड़ित परिवार बाइक रोककर आगे का रास्ता पूछ रहा था, तभी पीछे से आए धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
बराड़ा रोड का रास्ता पूछते ही काल बनकर आया ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तराखंड निवासी और हाल निवासी सढौरा (yamunanagar) के रहने वाले मोहन सिंह अपनी पत्नी शालू (32) और 5 वर्षीय बेटे गुरदीप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर पिपली से शाहाबाद की तरफ आ रहे थे। मोहन सिंह, जो सढौरा के एक गुरुद्वारा साहिब में सेवादार के रूप में कार्यरत हैं, को परिवार सहित बराड़ा रोड की ओर जाना था। रास्ता न मालूम होने के कारण उन्होंने शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच शाहाबाद स्थित सरकारी स्कूल के सामने अपनी बाइक रोकी और राहगीरों से रास्ता पूछने लगे।
पति और बेटे के सामने ही पेट से गुजर गया ट्रक का पहिया
अस्पताल में उपचाराधीन मोहन सिंह ने रोते हुए बताया कि जब वे बाइक पर खड़े होकर रास्ता पूछ ही रहे थे, तभी पिपली की ओर से आ रहे धान से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे पहले कि कोई संभल पाता, बेकाबू ट्रक का पहिया शालू के पेट के ऊपर से निकल गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मोहन सिंह और उनका 5 साल का बेटा गुरदीप भी छिटककर दूर जा गिरे और घायल हो गए।
आरोपी चालक मौके से फरार, पुलिस खंगाल रही सुराग
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एकत्र हो गए और तुरंत डायल 112 व शाहाबाद थाना पुलिस को सूचित किया। राहगीरों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर किया गया। शाहाबाद थाना पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि वारदात के बाद मौका पाकर फरार हुए चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन

