Kurukshetra Super 100 Institute: हरियाणा के चर्चित सुपर-100 इंस्टीट्यूट में एक बार फिर अनुशासन के नाम पर छात्रों के साथ क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। संस्थान के 11वीं कक्षा के एक छात्र ने हॉस्टल के वार्डन पर बेरहमी से पीटने और हाथ में फ्रैक्चर कर देने का आरोप लगाया है। यह सनसनीखेज मामला तब उजागर हुआ जब संस्थान में आयोजित अभिभावक-शिक्षक मिलन समारोह (PTM) के दौरान छात्र ने अपने परिवार के सदस्यों को आपबीती सुनाई। बच्चे की हालत और हाथ पर बंधी पट्टी देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वार्डन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लाइन बदलने पर भड़का वार्डन, बरसाए ताबड़तोड़ डंडे
पीड़ित छात्र ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि घटना से दो दिन पहले उसे प्रार्थना और योगा के लिए ग्राउंड में लाया गया था। इस दौरान वह केवल अपनी एक कतार से दूसरी कतार में जा रहा था, जबकि उससे पहले अन्य बच्चे भी ऐसा कर चुके थे। जैसे ही उसकी नजर वार्डन पर पड़ी, वार्डन ने आव देखा न ताव और उसका कान पकड़कर सीधा खड़ा कर दिया। छात्र का आरोप है कि इसके बाद वार्डन ने उसे लगातार 12 डंडे मारे। इस अमानवीय पिटाई से छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई और उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। फिलहाल छात्र के हाथ में प्लास्टर और पट्टी बंधी हुई है, जिससे उसकी स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
खाने में कीड़े और बदइंतजामी के भी लगे आरोप
इस पूरे प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता श्वेता ढुल भी मौके पर पहुंचीं और संस्थान की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ मारपीट ही नहीं, बल्कि संस्थान के मेस में बच्चों को मिलने वाले खाने में कीड़े पाए जाते हैं और बीमार होने पर समय पर दवाइयां तक मुहैया नहीं कराई जाती हैं। गौरतलब है कि इस संबंध में पहले भी 27 मई को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी जा चुकी है। कार्यकर्ताओं ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई हो।
अधिकारियों और संचालकों का क्या है पक्ष?
इस मामले पर जब प्रशासनिक अधिकारियों से बात की गई, तो डिप्टी डीईओ (Deputy DEO) तरसेम कौशिक ने बताया कि अभी तक उनके पास कोई आधिकारिक लिखित शिकायत नहीं पहुंची है, केवल सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो सामने आया है। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुरुक्षेत्र के डीसी (DC) खुद इंस्टीट्यूट का दौरा कर जांच करने जा रहे हैं।
दूसरी ओर, हरियाणा सुपर-100 मिशन बुनियाद के डायरेक्टर प्रदीप कुमार ने इस तरह की किसी भी घटना से इनकार करते हुए कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। वहीं, कार्यक्रम एवं विकल्प फाउंडेशन ट्रस्ट के संचालक नवीन मिश्रा ने कहा कि संस्थान में बच्चों और अभिभावकों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता से सुना जाता है, लेकिन अनुशासन के नियमों से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जा सकता। बहरहाल, प्रशासनिक जांच के बाद ही सच्चाई पूरी तरह सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन

