Ludhiana court threat: पंजाब के लुधियाना जिला कोर्ट परिसर को बुधवार, 4 नवंबर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। सेशन जज की ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक धमकी भरे संदेश में कोर्ट परिसर में आईईडी विस्फोट करने की बात कही गई। ई-मेल में स्कूलों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल जांच और तलाशी अभियान शुरू करवा दिया।
धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 2:11 बजे कोर्ट परिसर में विस्फोट करने का दावा किया गया था। इसके अलावा स्कूलों के लिए भी दोपहर 1:11 बजे का समय लिखकर धमकी दी गई। संदेश में अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी देने की बात भी कही गई है। हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
1984 के दंगों का बदला लेने की बात, कई लोगों के नाम शामिल
ई-मेल भेजने वाले ने खुद को पंजाब और खालिस्तान से जुड़ा बताते हुए 1984 के सिख दंगों का बदला लेने की बात लिखी है। संदेश में 1984 की घटनाओं को लेकर कई राजनीतिक और धार्मिक टिप्पणियां भी की गई हैं। इसके साथ ही 27 नवंबर तक एक जलसे में बम धमाका करने की धमकी का भी उल्लेख किया गया है। ई-मेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए उन्हें भी धमकी दी गई है। संदेश के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ के नाम के साथ कुछ अन्य लोगों के नाम भी लिखे गए हैं। पुलिस की जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और उसमें किए गए दावों की पड़ताल कर रही हैं।
वकील चरणजीत कौर सेखों ने बताया कि सेशन जज की ई-मेल आईडी पर धमकी मिलने के बाद वकीलों ने उनसे मुलाकात की थी। जज साहिब ने बताया कि पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है और चिंता की कोई बात नहीं है। चरणजीत कौर सेखों के मुताबिक, पहले भी कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। बुधवार को वकीलों ने नो-वर्क डे नहीं रखा और अदालत में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहा। वहीं, एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि कोर्ट परिसर में रूटीन के तहत जांच की जा रही है। त्योहारों का मौसम होने के कारण बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि धमकी से जुड़े मामले में वरिष्ठ अधिकारी ही विस्तृत जानकारी दे सकते हैं। पुलिस की ओर से पार्किंग स्थलों की भी तलाशी ली जा रही है। कोर्ट के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर दो से तीन पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं।


