Mahendragarh News: हरियाणा के महेंद्रगढ़ क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-148बी पर शनिवार की सुबह एक बड़ा टर्न ले सकती थी, लेकिन समय रहते एक भीषण दुर्घटना टल गई। सुबह करीब 5:25 बजे गांव अकबरपुर और गांव भोजावास के बस स्टैंड के बीच यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
दुर्घटना टोल टैक्स से करीब तीन किलोमीटर आगे नारनौल की तरफ जाने वाले हिस्से पर हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई।
तेज रफ्तार डंपर को पास देने के चक्कर में हुआ हादसा
जमीनी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी नारनौल से आम लोड करके कोटपूतली मंडी की तरफ रवाना हुई थी। गाड़ी अभी अकबरपुर के पास पहुंची ही थी कि पीछे से एक बेहद तेज रफ्तार डंपर आता हुआ दिखाई दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप चालक ने पीछे वाले डंपर को साइड देने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण वह गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही आमों से भरी पिकअप हाईवे पर ही पलट गई, जिससे सड़क पर आम बिखर गए।
मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने दिखाई जांबाजी
जिस वक्त यह हादसा हुआ, गनीमत रही कि आस-पास कई ग्रामीण और स्थानीय लोग सुबह की सैर कर रहे थे। जोरदार आवाज सुनकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग बिना एक पल गंवाए मौके की तरफ दौड़े।
ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ से काम लिया और क्षतिग्रस्त पिकअप के केबिन में फंसे ड्राइवर और उसके साथ बैठे एक अन्य युवक को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में दोनों युवकों को खरोंच तक नहीं आई, जिसे एक बड़ा चमत्कार माना जा रहा है।
बाल-बाल बचे अन्य वाहन, थोड़ी देर बाधित रहा ट्रैफिक
शनिवार सुबह हुए इस वाकये के दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि जब पिकअप पलटी, तब उसके ठीक पीछे या बराबर में कोई दूसरा वाहन नहीं चल रहा था।
वरना सुबह के समय यह दुर्घटना किसी बड़े वीभत्स हादसे में तब्दील हो सकती थी। दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही। बाद में स्थानीय लोगों और सूचना पाकर पहुंची टीम की मदद से वाहन को सीधा कराकर सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद ही यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।

