Mahendragarh News: जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर कनीना पुलिस की टीम ने गांव सेहलंग में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को नशीले पदार्थों सहित काबू किया है।
पुलिस ने मौके से पॉलीथीन सहित 2.55 ग्राम संदिग्ध चिट्टा और 282 ग्राम गांजा बरामद किया है। काबू किए गए आरोपी की पहचान राजबीर निवासी गांव सेहलंग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर कनीना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना सदर कनीना में तैनात पीएसआई साहिल अपनी पुलिस टीम के साथ बस अड्डा खेड़ी क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव सेहलंग निवासी राजबीर बस अड्डा सेहलंग स्थित अपनी दुकान राज मिष्ठान भंडार के सामने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की और गांव सेहलंग पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी द्वारा पहनी गई जैकेट की जेब से एक छोटी सफेद पन्नी बरामद हुई, जिसमें संदिग्ध चिट्टा पाया गया। इसके अतिरिक्त दुकान के सामने रखे प्लास्टिक के कैरेट की जांच करने पर एक अन्य पन्नी में गांजा बरामद हुआ।
बरामद दोनों नशीले पदार्थों का अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन किया गया। वजन करने पर पॉलीथीन सहित संदिग्ध चिट्टा 2.55 ग्राम तथा गांजा 282 ग्राम पाया गया। आरोपी से संबंधित नशीले पदार्थ रखने के लाइसेंस एवं परमिट के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थों को नियमानुसार अलग-अलग सीलबंद कर कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना सदर कनीना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी देखें – मौसम की मार से प्रभावित किसानों के लिए राहत, नांगल चौधरी उपमंडल में पहुंचा सरसों का पछेती बीज

