Narnaul News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से जारी दिशा निर्देशानुसार व जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा डीएलएसए की चेयरपर्सन डॉ. रितु वाई.के. बहल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आगामी 27 नवंबर को राजकीय पीजी कॉलेज नारनौल में आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न प्रकार की योजनाएं व सेवाएं मुहैया करवाने के लिए मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने आज इस कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के लिए जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस मौके पर सीजेएम नीलम कुमारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 27 नवंबर को लगने वाले इस मेगा कैंप में सभी विभागों की सेवाओं व योजना के लिए राजकीय महाविद्यालय में स्टाल लगाई जाएंगी। स्टॉलों पर आम नागरिकों को मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस व पंजीकरण, आधार कार्ड, किसी भी प्रकार का प्रमाण पत्र, सरकार के विभिन्न विभागों की पेंशन योजना सहित विभिन्न योजना व सेवा देने के लिए अधिकारी व कर्मचारी बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस दिन उनके कर्मचारी लगातार लोगों को सेवाएं व योजनाएं देने का काम करें। अगर किसी कागजात की कमी रहती है तो कर्मचारी उसे पूरा करवाने की कोशिश करें।
उन्होंने कहा कि नालसा का प्रयास है कि सरकार की सभी योजनाएं व सेवाओं की पहुंच आम नागरिकों तक हो। इसमें विभिन्न प्रकार के आवेदन आदि के लिए पूरी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि आम नागरिकों को बहुत ही सहज व सरल तरीके से सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामान्य हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम गुरविंदर सिंह, नगराधीश डॉ मंगल सेन, डीएसपी भारत भूषण, जेल डिप्टी सुपरीटेंडेंट रविन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
इन विभागों द्वारा लगाए जाएंगे स्टॉल
सीजेएम नीलम कुमारी ने बताया कि इस मेगा कैंप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, खादी ग्रामोद्योग, जिला शिक्षा विभाग, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, डीआईओ कार्यालय, जिला समाज अधिकारी कार्यालय, जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, रेडक्रॉस समिति, जिला वन अधिकारी कार्यालय, कृषि विभाग, लीड बैंक मैनेजर व पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान नसीबपुर, एलिमको, रिचा एंड क्राफ्ट व रोटरी क्लब नारनौल की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे।
यह भी देखें – जिलाधीश ने महेंद्रगढ़ में 20 नवंबर तक तोड़फोड़ और बाहरी निर्माण कार्य बंद रखने के आदेश पारित किए


