Narnaul Shyam Baba Sankirtan: नारनौल शहर के हुड्डा सेक्टर में शुक्रवार की रात पूरी तरह श्याम नाम के रंग में रंगी नजर आई। श्री श्याम आस्था मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य संकीर्तन में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। भक्ति से सराबोर इस आयोजन की अध्यक्षता मंडल के प्रधान हरिओम गर्ग ने की, जबकि हरिओम शर्मा अपने परिवार के साथ मुख्य यजमान के रूप में सेवा में उपस्थित रहे।
फूलों और लाइटों से महका दरबार, मंत्रोच्चार से जगी ज्योति
संकीर्तन की शुरुआत से पहले कलाकार सुधांशु शर्मा द्वारा श्याम बाबा का बेहद अलौकिक और भव्य दरबार सजाया गया। देश-विदेश से मंगाए गए रंग-बिरंगे फूलों और जगमगाती लाइटों की छटा देखते ही बन रही थी।
इसके बाद आचार्य अजय शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यजमान हरिओम शर्मा और उनके परिजनों से बाबा की पवित्र ज्योति प्रज्वलित करवाई। ज्योति प्रचंड होते ही पूरा हुड्डा सेक्टर “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से गूंज उठा।
भजनों की सरिता में देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
गणेश वंदना के साथ गौरव म्यूजिकल ग्रुप के मास्टर सुनील कुमार ने सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। इसके बाद एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। भजन गायक प्रवीण पटीकरा ने “खाटू के श्याम जी रखोगे मेरी लाज” प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक बनाया, तो संतोष सैनी ने “श्रृंगार तेरा बाबा कहो किसने सजाया है” गाकर दरबार में बैठी संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पवन अरोड़ा के भजन “मोर छड़ी लहराई रे” और सुधांशु शर्मा के “श्याम बाबा का श्रृंगार मन भावे” पर श्रद्धालु अपनी जगह से उठकर नाचने लगे।
वहीं सतबीर बड़गांव ने “इक बार मेरे घर आ जा रे सांवरा” की भावुक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में मशहूर गायक अनिल लखा ने “बाबा का खजाना लुटा कर” और “ऐसी मस्ती कहां मिलेगी श्याम नाम रस पीले” धमाल सुनाकर समूचे पांडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गणमान्य लोगों की रही गरिमामयी मौजूदगी
संकीर्तन के सफल आयोजन के बाद श्री श्याम आस्था मंडल की ओर से मुख्य यजमान परिवार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में मनोज वालिया, हेमंत गुप्ता, बलवान जांगिड़, निशांत शर्मा, राधेश्याम सैनी, डॉ. विजय अग्रवाल, नीना, मीना और अजय सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में महिलाएं व बच्चे मौजूद रहे। देर रात आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ संकीर्तन का समापन हुआ।
यह भी पढ़ें– Narnaul News: महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्दनाक रेल हादसा, तड़के मालगाड़ी की चपेट में आया 30 वर्षीय युवक

