हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा
कुलपति- प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार
जगमार्ग ब्यूरो नारनौल। सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार के कार्यकाल में एक साल का कार्यकाल बढ़ा दिया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि भारत की राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय की विजिटर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम, 2009 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रो. टंकेश्वर कुमार का कार्यकाल 28 जुलाई, 2026 से एक वर्ष अथवा नए कुलपति की नियुक्ति अथवा अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 20 जुलाई, 2026 को आदेश जारी किया गया है।
प्रो. टंकेशवर कुमार के नेतृत्व में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार, अधोसंरचना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापरक शिक्षा, शोध संस्कृति के विकास तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को नई दिशा प्रदान की है।
विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित करते हुए टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में पहली बार 1001-1200 रैंक बैंड में स्थान प्राप्त किया तथा हरियाणा के विश्वविद्यालयों में अग्रणी स्थान हासिल किया। इसी प्रकार क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में भी विश्वविद्यालय ने पहली बार प्रवेश करते हुए 1001-1100 रैंक बैंड में स्थान बनाया। इसके अतिरिक्त टाइम्स हायर एजुकेशन इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2026 में विश्वविद्यालय 301-350 रैंक बैंड में शामिल हुआ तथा आईआईआरएफ रैंकिंग में भी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कार्यकाल विस्तार के लिए भारत की राष्ट्रपति, शिक्षा मंत्रालय का अभार प्रकट किया।
