July 29, 2026

Kaithal News: गाड़ियों में भुक्की होने की सूचना देने का शक! कैथल में युवक पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार, हालत गंभीर

0
Kaithal News: गाड़ियों में भुक्की होने की सूचना देने का शक! कैथल में युवक पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार, हालत गंभीर

पुलिस को नशा तस्करी की मुखबिरी के शक में परिवार पर तलवारों और गंडासी से हमला

Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले के गांव मंडवाल में नशे के कारोबार से जुड़े शक ने खूनी मोड़ ले लिया। पुलिस को गाड़ियों में भुक्की (मादक पदार्थ) होने की गुप्त सूचना देने के अंदेशे में पांच दबंगों ने एक युवक और उसके परिजनों पर गंडासी और तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी हमले में युवक की बाजू टूट गई और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी, जब गांव के ही रहने वाले शमशेर नाम के व्यक्ति ने पीड़ित संदीप से गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाया था कि उसने उनकी गाड़ियों में भुक्की होने की मुखबिरी पुलिस से की है। उस वक्त तो परिजनों ने संदीप को बीच-बचाव कर वहां से सुरक्षित निकाल लिया था, लेकिन आरोपी रंजिश मन में पाले हुए थे और लगातार बदला लेने की फिराक में थे।

छत के रास्ते घर में घुसे हथियारबंद हमलावर

शिकायतकर्ता हरमीत उर्फ मीतू ने राजौंद थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि रात करीब 9 बजे जब उनका पूरा परिवार घर के भीतर बैठा बातचीत कर रहा था, उसी दौरान आरोपी शमशेर, उसका बेटा दीपू, हरविन्द्र, जरनैल सिंह और दिलेर हाथों में गंडासी और तलवारें लेकर छत के रास्ते जबरन उनके मकान में दाखिल हो गए। आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे परिवार पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया और संदीप पर ताबड़तोड़ वार किए।

जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार, पुलिस जांच में जुटी

अचानक हुए इस हमले से चीख-पुकार मच गई। जब आसपास के ग्रामीणों ने शोर सुना और मौके की तरफ दौड़े, तो आरोपी परिवार के किसी भी सदस्य को दोबारा सामने देखने पर टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले के तुरंत बाद लहुलूहान हालत में संदीप को अस्पताल ले जाया गया। राजौंद थाना के जांच अधिकारी कमलदीप ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें–  रोहतक कोर्ट का बड़ा फैसला, 6 साल जेल में काटने के बाद रेप और पॉक्सो के 7 आरोपी बरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed