Narnaul Samadhan Shivir: फैमिली ID और प्रॉपर्टी ID की समस्याओं से परेशान लोगों को मिली राहत, 42 अर्जियों पर सुनवाई
फैमिली ID और प्रॉपर्टी ID की समस्याओं से परेशान लोगों को मिली राहत, 42 अर्जियों पर सुनवाई
Narnaul Samadhan Shivir: आमजन की प्रशासनिक समस्याओं का एक ही छत के नीचे तुरंत समाधान कराने की कड़ी में गुरुवार को नारनौल जिला प्रशासन की ओर से ‘समाधान शिविर’ का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय में आयोजित इस शिविर में कुल 42 नागरिकों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याओं और विभागीय अड़चनों को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी अर्जी लगाई।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे नगराधीश (CTM) डॉ. मंगल सेन ने जनता की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। फरियादियों की ओर से मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र (PPP) में गलतियों को सुधारने, प्रॉपर्टी आईडी के लालफीताशाही में उलझने, पेयजल आपूर्ति, बिजली बिलों की गड़बड़ी और पुलिस महकमे से संबंधित मामले सामने आए। नगराधीश ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब कर कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि बाकी बची जटिल शिकायतों को तय समय सीमा के भीतर हल करने के सख्त निर्देश दिए।
हर सोमवार और गुरुवार को लगता है दरबार
नगराधीश डॉ. मंगल सेन ने आमजन को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की मंशा हर नागरिक को त्वरित राहत देने की है। इसी सोच के तहत जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर सभी एसडीएम कार्यालयों में हर सोमवार और गुरुवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी प्रशासनिक समस्याओं के लिए चक्कर काटने की बजाय इन शिविरों में आकर सीधे अपनी बात रखें। गुरुवार को आयोजित इस शिविर में पुलिस उप-अधीक्षक (DSP) भारत भूषण सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा, जिससे दस्तावेजों की मौके पर ही जांच कर आवेदनों का निस्तारण करना आसान हो गया।
