Kurukshetra Road Accident: क्रेटा कार ने बाइक को मारी टक्कर, शाहाबाद कोर्ट के वकील की मौत
क्रेटा कार ने बाइक को मारी टक्कर, शाहाबाद कोर्ट के वकील की मौत
Kurukshetra Road Accident: कुरुक्षेत्र जिले के ठोल गांव के पास शाहाबाद रोड पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें शाहाबाद बार एसोसिएशन के एक वरिष्ठ वकील को अपनी जान गंवानी पड़ी। मिली जानकारी के मुताबिक, शाहाबाद निवासी एडवोकेट प्रताप सिंह (54) शाम के वक्त अपनी बाइक पर सवार होकर किसी निजी काम से इस्माइलाबाद की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह ठोल गांव के पशु अस्पताल के पास स्थित मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रताप सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर लगी भीड़ देख भाई को हुआ अनहोनी का अहसास
इस हादसे का पता मृतक के छोटे भाई शक्ति सिंह को तब चला जब वह खुद करीब 7 बजे ठोल की तरफ जा रहा था। पशु अस्पताल के पास मोड़ पर भीड़ और सड़क किनारे भाई की बाइक पड़ी देख उसके पैर तले जमीन खिसक गई।
मौके पर मौजूद चश्मदीद पवन कुमार ने शक्ति सिंह को बताया कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (नंबर HR05-2400) ने बाइक को सामने से बेरहमी से टक्कर मारी और एक्सीडेंट के बाद चालक गाड़ी को शाहाबाद की तरफ भगा ले गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची थी और घायल वकील को तुरंत एंबुलेंस के जरिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल भिजवाया गया। शक्ति सिंह जब भागता हुआ अस्पताल पहुंचा, तो वहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद से पूरे शाहाबाद कोर्ट परिसर और वकील के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिवार के स्तंभ थे एडवोकेट प्रताप सिंह
54 वर्षीय प्रताप सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह अपने पीछे पत्नी रुक्मिणी, बेटा मोहित और बेटी साक्षी को छोड़ गए हैं। उनका बेटा मोहित एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। एक हंसता-खेलता परिवार इस सड़क हादसे की वजह से उजाड़ हो गया।
कार नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
उधर, मामले की सूचना पाकर इस्माइलाबाद थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के भाई शक्ति सिंह के बयानों के आधार पर क्रेटा कार के अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि कार का नंबर उनके पास आ चुका है, जिसके जरिए आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें– UPSC टॉपर्स एकांश ढुल और सिमरनजीत कौर समेत कई हस्तियां सम्मानित
