Nilokheri News: वार्ड कमेटियों के सहारे बदलेगी शहर की सूरत, बैठक में इन गंभीर मुद्दों पर बनी सहमति
स्वच्छ एवं व्यवस्थित नीलोखेड़ी के लिए वार्ड कमेटियों की भूमिका अहम
Nilokheri News: किसी भी शहर को सुंदर और आदर्श बनाने की शुरुआत उसके वार्डों की गलियों से होती है। इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए बुधवार को नीलोखेड़ी के बजरंग सेवा दल परिसर में नगरपालिका प्रशासन और वार्ड कमेटियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। नगरपालिका की चेयरपर्सन सनमीत कौर आहूजा और सचिव डॉ. राहुल सैनी के नेतृत्व में बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के विकास में आम जनता की भागीदारी को सीधे तौर पर जोड़ना था। बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सभी वार्ड कमेटी सदस्यों के विधिवत पहचान पत्र तैयार किए गए, ताकि वे अपने क्षेत्रों में पूरी जवाबदेही और अधिकार के साथ काम कर सकें।
‘जनता को सफाई अभियान से जोड़ना हमारी प्राथमिकता’ — चेयरपर्सन
बैठक में उपस्थित सदस्यों और पार्षदों को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन सनमीत कौर आहूजा ने कहा, “नीलोखेड़ी को स्वच्छ, हरित और एक सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना हमारा साझा संकल्प है। इस मुहिम में वार्ड कमेटियों की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है।” उन्होंने सभी सदस्यों पर जोर दिया कि वे सिर्फ समस्याओं की सूची न बनाएं, बल्कि अपने-अपने वार्डों में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। जब तक आम नागरिक कचरा प्रबंधन और सफाई अभियान से दिल से नहीं जुड़ेगा, तब तक कोई भी प्रशासनिक प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सकता।
सचिव ने मांगा सहयोग, स्थानीय मुद्दों पर हुआ आमने-सामने संवाद
नगरपालिका सचिव डॉ. राहुल सैनी ने शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारी हर गली पर सीधे नजर नहीं रख सकते, इसलिए वार्ड कमेटियों का सक्रिय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने इलाके की सीवरेज, स्ट्रीट लाइट या सफाई से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी तुरंत पालिका प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उनका निपटारा किया जा सके। बैठक में संवाद का दौर काफी प्रभावी रहा; विभिन्न वार्डों के प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्तर पर आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को प्रमुखता से अधिकारियों के सामने रखा, जिस पर पालिका प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
शहर के प्रबुद्ध चेहरे और जनप्रनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर की राजनीति और समाज सेवा से जुड़े कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। चेयरपर्सन प्रतिनिधि सतनाम सिंह आहूजा सहित पार्षद अंजना कुमारी, सुखविंदर कैनवाल, धर्मेंद्र कुमार, रणबीर भाटिया, मुकेश सिरसवाल, अमित कुमार शैली, गुरविंदर सिंह, भूपेश जुनेजा और कृष्णा कुकरेजा ने अपने वार्डों की बात रखी। इनके अलावा पार्षद प्रतिनिधि शमशेर सिंह, नवरूप सिंह, कृष्ण कुमार और नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता (JE) दिनेश कुमार सहित भारी संख्या में पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और मनोनीत वार्ड कमेटी सदस्य इस पूरी योजना का खाका तैयार करने में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें– Gurugram KOD Fire: गुरुग्राम के मशहूर ‘किंगडम ऑफ ड्रीम्स’ में लगी भीषण आग, दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर
