Gurugram News: गुरुग्राम में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, कैब ड्राइवर के शरीर के आर-पार हुआ लोहे का सरिया
खौफनाक मंजर देख बेहोश हुई महिला पैसेंजर, द्वारका एक्सप्रेसवे पर लगा किलोमीटर लंबा जाम
Gurugram News: दिल्ली-एनसीआर को जोड़ने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की दोपहर एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला जिसने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कैब ने ओवरटेक लेन में आगे चल रहे एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
यह ई-रिक्शा कोई सामान्य सवारी वाहन नहीं था, बल्कि इसमें नियमों को ताक पर रखकर लोहे के लंबे सरिए लादे गए थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरिए कैब का अगला हिस्सा और विंडस्क्रीन तोड़ते हुए सीधे ड्राइवर के शरीर के पार हो गए। कैब चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एवीएल सोसायटी के पास लापरवाही ने ली जान
सेक्टर-37 थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब दो बजे एवीएल सोसायटी के कट के पास पेश आया। लाल रंग के जिस ई-रिक्शा में लोहे के सरिए भरे थे, उसका एक बड़ा हिस्सा पीछे की तरफ बाहर निकला हुआ था।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए ई-रिक्शा चालक ने पीछे चल रहे वाहनों को सचेत करने के लिए सरिए पर कोई लाल कपड़ा या खतरे का संकेत (इंडिकेटर) भी नहीं लगाया था। एक्सप्रेसवे की रफ्तार के बीच पीछे से आ रही सफेद रंग की कैब इसे भांप नहीं सकी और यह जानलेवा भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त कैब की अगली सीट पर सवार एक महिला यात्री इस खौफनाक मंजर को देखकर गहरे सदमे में आ गई और बेहोश हो गई, जिसे पुलिस ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सड़क के बीचों-बीच हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों के पहिये थम गए और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें क्रेन के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मृत चालक के शरीर से सरिए को अलग कर शव को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह कैब की तेज रफ्तार और ई-रिक्शा चालक की लापरवाही को माना जा रहा है। पुलिस अब सही कड़ियों को जोड़ने के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
