Haryana Fraud Case: 5 करोड़ का हवन और 4700 करोड़ का झांसा, भिवानी के बलवान सिंह से देहरादून में बड़ी धोखाधड़ी
5 करोड़ का हवन और 4700 करोड़ का झांसा
Haryana Fraud Case: हरियाणा के भिवानी में अंधविश्वास और लालच के जाल में फंसाकर एक शख्स को पूरी तरह कंगाल करने का चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। चिड़ियाघर रोड पंचायत पॉकेट के रहने वाले बलवान सिंह के साथ कथित बाबा और उसके गुर्गों ने मिलकर करीब 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
ठगी की इस बड़ी वारदात के बाद पीड़ित ने भिवानी के पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
देहरादून के आश्रम में बुना गया ठगी का ताना-बाना
बलवान सिंह ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में उनकी मुलाकात बिजनेस के सिलसिले में बिहार के शत्रुघन नाम के व्यक्ति से हुई थी। धीरे-धीरे शत्रुघन का बलवान के घर आना-जाना बढ़ गया और उसने परिवार का भरोसा जीत लिया। इसके बाद सितंबर 2025 में शत्रुघन ने राजस्थान के एक ध्यान योग केंद्र के कथित ‘आनंद स्वामी’ का जिक्र छेड़ा।
उसने दावा किया कि यह बाबा अपनी चमत्कारी शक्तियों से पैसों को कई गुना बढ़ा देता है। शत्रुघन के बहकावे में आकर बलवान सिंह किस्मत आजमाने को तैयार हो गए और 30 सितंबर 2025 को बाबा से मिलने देहरादून पहुंच गए।
सम्मोहन का खेल और ‘विदेश से हवन सामग्री’ का ड्रामेबाज़ी
देहरादून में करीब पांच दिनों के इंतजार के बाद बलवान सिंह की मुलाकात आनंद स्वामी से कराई गई। बाबा ने पहले तो खुद को बड़े-बड़े मंत्रियों और अफसरों का करीबी बताते हुए कुछ कथित वीडियो और दस्तावेज दिखाए ताकि बलवान पर रौब जमाया जा सके।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद बाबा ने उन्हें सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर दिया और हवा में हाथ लहराकर करीब 2 लाख रुपये के 500-500 के नोट निकालकर दिखाए। इसके बाद असली खेल शुरू हुआ; बाबा ने कहा कि एक महाहवन करना होगा, जिसकी सामग्री विदेश से आएगी और इस पर 5 करोड़ का खर्च आएगा। दावा किया गया कि इस हवन के पूरा होते ही देवी-शक्तियों के आशीर्वाद से 4700 करोड़ रुपये मिलेंगे।
किस्तों में लूटी नगदी और किलो के भाव ले गए सोना-चांदी
सम्मोहन के असर में आकर बलवान सिंह आरोपियों की हर बात मानते चले गए। उन्होंने हवन के नाम पर पहली बार में ही 1 करोड़ 49 लाख रुपये कैश, 2 किलो सोने के आभूषण और 15 किलो चांदी बाबा के हवाले कर दी।
इसके बाद भी ठगी का सिलसिला नहीं रुका। 19 से 22 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में 12 लाख और 6 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने भिवानी आकर बलवान के घर से 25 लाख रुपये नगद और एक किलो सोने के गहने और समेट लिए।
धर्म परिवर्तन की धमकी और पुलिसिया कार्रवाई
बलवान सिंह के मुताबिक, जब उन्होंने बाद में अपनी रकम वापस मांगी या शक जताया, तो कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें धर्म परिवर्तन करने तक की धमकियां देनी शुरू कर दीं।
आरोपियों से पीड़ित की आखिरी बार फोन पर बात 23 अप्रैल को हुई थी, जिसके बाद उनके नंबर बंद आने लगे। खुद को ठगा महसूस करने के बाद बलवान ने आखिरकार पुलिस की शरण ली। भिवानी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और ठग बाबा व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
यह भी पढ़ें– CM Nayab Saini Nuh: सीएम नायब सैनी ने नूंह को दिया ₹8.72 करोड़ का तोहफा
