July 28, 2026

Kaithal News: कैथल चोरी की होंडा सिटी कार और 30 बैटरियों के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

0
Kaithal News: कैथल चोरी की होंडा सिटी कार और 30 बैटरियों के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

बोनट उखाड़कर उड़ाता था बैटरियां, कलायत पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा; पंजाब-हरियाणा में दी थीं कई वारदातें

Kaithal News: जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस की सीआईए कलायत टीम ने एक अंतरराज्यीय वाहन और बैटरी चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशानिर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से मोहाली से चोरी हुई होंडा सिटी कार और विभिन्न राज्यों से चुराई गई 30 बैटरियां बरामद की हैं।

गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

मामले का ब्योरा देते हुए डीएसपी बीर भान ने बताया कि 26 जुलाई की रात सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में एएसआई नरेंद्र सिंह, एचजीएच अमन कुमार और एचजीएच विक्रम की टीम नेशनल हाईवे-152 पर मटौर रोड के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सड़क किनारे एक सिल्वर रंग की होंडा सिटी कार काफी देर से संदिग्ध हालत में खड़ी है।

सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की। पुलिस की गाड़ी देखते ही कार के पास खड़ा युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर धर दबोचा।

हिमाचल का रहने वाला है आरोपी, डिग्गी से खुला राज

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) के गांव छकोह निवासी करतार सिंह उर्फ पिंकू के रूप में बताई। जब पुलिस ने कार की डिग्गी की तलाशी ली तो अधिकारी भी हैरान रह गए।

डिग्गी से अलग-अलग गाड़ियों की 30 बैटरियां, 3 रेडिएटर, 3 पाना-चाबियां, 2 छोटे प्लास, 1 बड़ा पेचकस, 2 टी-शेप चाबियां और एक पीतल का गैस कटर बरामद हुआ।

मोहाली से चुराई थी कार, बोनट उखाड़कर उड़ाता था बैटरियां

गहन जांच के दौरान सामने आया कि जिस होंडा सिटी कार का आरोपी इस्तेमाल कर रहा था, वह 15 जुलाई 2026 को मोहाली के फेज-7 थाने के इलाके से चोरी हुई थी, जिसकी बाकायदा एफआईआर दर्ज है।

आरोपी ने कबूल किया कि वह रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों के बोनट उखाड़कर मिनटों में बैटरियां चुरा लेता था। उसने हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में दर्जनों वारदात को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें– Sonam Wangchuk: मेदांता से आज सोनम वांगचुक को मिल सकती है छुट्टी, जानिए कैसी है सेहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed