Kaithal Sex Racket: कैथल में ‘हेल्दी बॉडी स्पा’ की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, संचालक रिंकू पर FIR दर्ज
कैथल में 'हेल्दी बॉडी स्पा' की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट
Kaithal Sex Racket: कैथल के अंबाला रोड पर स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के काले कारोबार को लेकर पुलिस ने अब कानूनी शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। वीरवार को हुई ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद महिला थाना की मुख्य सिपाही (हेड कांस्टेबल) मुकेश की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान कैथल निवासी रिंकू के रूप में हुई है, जिसने अंबाला रोड स्थित बाटा शोरूम के ठीक ऊपर ‘हेल्दी बॉडी, हेल्दी स्पा’ नाम से सेंटर खोल रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिक प्रीवेंशन एक्ट 1956 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है।
800 रुपये एंट्री फीस और केबिन का खेल
हेड कांस्टेबल मुकेश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी रिंकू स्पा सेंटर की आड़ में कैथल से बाहर के जिलों और राज्यों की लड़कियों को बहला-फुसलाकर यहां बुलाता था। इसके बाद ग्राहकों से मोटी रकम वसूलकर उनसे देहव्यापार जैसा अनैतिक कार्य करवाया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस अनैतिक धंधे को छुपाने के लिए सेंटर के भीतर बकायदा लकड़ी के छह अलग-अलग केबिन तैयार किए गए थे। यहां आने वाले हर कस्टमर से पहले 800 रुपये की एंट्री फीस वसूली जाती थी और उसके बाद केबिन के अंदर लड़कियों को दिखाकर अलग से रेट तय किए जाते थे।
पुलिस को देख मची भगदड़, 10 महीने का बच्चा भी मिला
वीरवार की शाम जब पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक इस स्पा सेंटर के दरवाजे पर दस्तक दी, तो अंदर हड़कंप मच गया। केबिनों से निकलकर युवतियां और ग्राहक इधर-उधर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे परिसर को चारों तरफ से घेर लिया। सर्चिंग के दौरान एक केबिन से एक युवक और युवती बेहद आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ दबोचे गए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब एक कमरे में 10 महीने का मासूम बच्चा सोता हुआ मिला। जांच में पता चला कि हिरासत में ली गई महिलाओं में से एक अपने बच्चे को भी साथ लेकर आई थी और उसे धंधे वाले कमरों से दूर सुलाया हुआ था।
बरामद हुई आपत्तिजनक सामग्री, अन्य सहयोगियों की तलाश तेज
पुलिस को मौके की तलाशी के दौरान केबिनों से भारी मात्रा में कंडोम के पैकेट, आपत्तिजनक सामग्री और मसाज से जुड़ा सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से कुल 6 महिलाओं और युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी (एसएचओ) रमेश चंद्र ने बताया कि संचालक रिंकू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस सेक्स रैकेट के पीछे रिंकू के साथ कैथल या बाहरी जिलों के कौन से अन्य सफेदपोश या दलाल संलिप्त हैं। जांच के आधार पर जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।
यह भी पढ़ें–उमस से बेहाल हुए लोग, 19 जुलाई से शुरू होगा झमाझम बारिश का दौर
