Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ

नूंह में पारिवारिक विवाद बना आफत: 90 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा लड़का, पुलिस कर रही सुरक्षित उतारने का प्रयास
Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले से एक अजीबोगरीब और हाईवोल्टेज ड्रामे की खबर सामने आई है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरा युवक 90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। टावर की चोटी पर बैठकर युवक चिल्ला-चिल्लाकर अपनी ममेरी बहन से शादी कराने की जिद करने लगा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
मामा राजी लेकिन पिता खिलाफ, पारिवारिक कलह से भड़का कदम
टावर पर चढ़े युवक की पहचान तिगरा गांव निवासी अब्दुल करीम के बेटे कैफ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कैफ अपने ही मामा की बेटी से निकाह करना चाहता है। मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब कैफ के मामा ने खुलकर भांजे का समर्थन किया। मामा का कहना है कि उन्हें अपने भांजे की जान प्यारी है और वे अपनी बेटी का हाथ उसके हाथ में देने को तैयार हैं। हालांकि, कैफ के अपने पिता अब्दुल करीम इस रिश्ते के सख्त खिलाफ हैं। घर में इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोशित होकर कैफ टावर पर जा चढ़ा।
5 घंटे से ज्यादा चला ड्रामा, नाबालिग होने के कारण फंसा कानूनी पेच
घटना की जानकारी मिलते ही फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने लाउडस्पीकर के जरिए कैफ से नीचे आने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह घंटों अपनी मांग पर अड़ा रहा। इस पूरे मामले में एक बड़ा पेंच यह भी है कि जिस लड़की से कैफ शादी की जिद कर रहा है, वह फिलहाल नाबालिग बताई जा रही है। ऐसे में मामला सिर्फ पारिवारिक जिद का नहीं, बल्कि कानून के उल्लंघन से भी जुड़ गया है।
पुलिस कर रही सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश
सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी (एसएचओ) सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस बल मौके पर डटा हुआ है और मुख्य प्राथमिकता युवक को सही-सलामत नीचे उतारना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लड़की के नाबालिग होने के चलते मामले में बाल विवाह प्रतिषेध कानून के तहत भी स्थिति देखी जा रही है। युवक के नीचे उतरने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– Rewari Accident: रेवाड़ी में बहन को तीज देकर लौट रहे दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
