Nuh ACB raid: हरियाणा के नूंह जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज के डीन कार्यालय में तैनात सहायक (असिस्टेंट) सकरुद्दीन को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी अधिकारी एक कर्मचारी की अतिरिक्त ड्यूटी की हाजिरी लगाने के नाम पर पैसों की मांग कर रहा था।
6 दिनों की हाजिरी के बदले मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसने मेडिकल कॉलेज में 6 दिनों की अतिरिक्त ड्यूटी की थी। इस अतिरिक्त ड्यूटी की हाजिरी (अटेंडेंस) को रिकॉर्ड में चढ़ाने और प्रक्रिया पूरी करने के एवज में डीन कार्यालय में तैनात सहायक सकरुद्दीन लगातार पैसों का दबाव बना रहा था। काम निपटाने के लिए आरोपी ने 22 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की, जिसकी शिकायत पीड़िता ने एसीबी की नूंह टीम से कर दी।
ट्रैप लगाकर एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को दबोचने के लिए एक विशेष रणनीति के तहत जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी सकरुद्दीन को रिश्वत की तय राशि 22 हजार रुपये सौंपी, वैसे ही आसपास मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गुरुग्राम एसीबी थाने में मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गुरुग्राम स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन में इस रेड के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुग्राम समेत 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

