Street Vendor Viral: रिमझिम बारिश का मौसम हो और सामने गरमागरम चाय के साथ करारे पकौड़े आ जाएं, तो किसी का भी दिल खुश हो जाए। भारत हो या पाकिस्तान, दोनों ही मुल्कों में चाय-पकौड़े के शौकीनों की कोई कमी नहीं है।
लेकिन जरा सोचिए, अगर कोई दुकानदार एक ही कड़ाही के खोलते हुए तेल में पकौड़े भी तले और उसी के बीचों-बीच चाय भी उबाल दे? पहली बार में यह बात किसी को भी नामुमकिन या अजीब लग सकती है, लेकिन हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान के एक स्ट्रीट वेंडर ने ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है, जिसे देखकर लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।
उबलते तेल के बीच चाय की केतली: जानिए क्या है यह ‘महा-जुगाड़’
वायरल हो रहे इस वीडियो में दुकानदार की अतरंगी कार्यशैली साफ दिखाई देती है। समय और ईंधन बचाने के चक्कर में उसने एक गजब की तरकीब निकाली है। जिस बड़ी सी कड़ाही के कड़कते तेल में भजिए और पकौड़े तले जा रहे हैं, उसी तेल के बिल्कुल बीच में दुकानदार ने चाय का बर्तन रखा हुआ है।
बर्तन तेल में डूब न जाए या गिर न पड़े, इसके लिए वह उसे लोहे के चिमटे से मजबूती से पकड़े रहता है। कड़ाही के उबलते तेल की तेज आंच से चाय का बर्तन गर्म होता है और अंदर रखी चाय खौलने लगती है। इस तरह एक तरफ पकौड़े बनकर तैयार हो रहे हैं और दूसरी तरफ कड़क चाय उबल रही है।
1 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया वीडियो, कमेंट्स की आई बाढ़
यह अतरंगी वीडियो इंस्टाग्राम पर @thatsindhifoodie नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। शेयर होते ही यह वीडियो इंटरनेट पर जंगल की आग की तरह फैल गया और इसे देखने वालों की तादाद 1 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है। दुकानदार के इस ‘अद्वितीय हुनर’ को देखकर यूजर्स हंसी के मारे लोटपोट हो रहे हैं और कमेंट सेक्शन में फनी प्रतिक्रियाओं का तांता लग गया है।
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “सोचो अगर गलती से हाथ फिसल गया और चाय तेल में गिर गई, तो पकौड़ों का क्या होगा?” वहीं दूसरे यूजर ने तारीफ के अंदाज में कहा, “भाई तो गजब का मल्टीटास्कर निकला, इसे कहते हैं एक पंथ दो काज।” वहीं एक अन्य यूजर ने मजे लेते हुए लिखा, “लो जी, मार्केट में चाय का नया वेरिएंट आ गया—डीप फ्राइड टी!”
यह भी पढ़ें– Success Story: 250 रुपये रोज से 90 हजार महीना, दिल्ली के इस लस्सी वाले की संघर्ष गाथा ने जीता लोगों का दिल

